आगरालीक्स…आगरा के सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज में मनाया गया दशहरा पर्व. विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
दशहरे के पावन अवसर पर सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज, रोहता, आगरा में दशहरा पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दशहरे के महत्व को दर्शाते हुए भगवान श्रीराम और माता सीता के चरित्रों का सुंदर मंचन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शाया कि दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर.रोजिमोन थॉमस ने विद्यार्थियों को दशहरे के धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति और त्योहार हमारी समृद्ध सभ्यता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों, आपसी सद्भाव और अच्छे संस्कारों का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा अपने जीवन में सत्य, ईमानदारी, अनुशासन और सदाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।