आगरालीक्स…आगरा में मैदानों के साथ—साथ कॉलोनियों और मोहल्लों में भी हो रहा रावण दहन. जानें कितने बजे होगा रामलीला ग्राउंड और सेंट जॉन्स पर रावण दहन. शुभ मुहूर्त शुरू.
रावण दहन का शुभ मुहूर्त 5 बजकर 47 मिनट से शुरू हो गया है. आगरा में मुख्य आयोजन रामलीला ग्राउंड में होगा जहां 120 फीट का रावण का दहन किया जा रहा है तो वहीं सेंट जॉन्स में भी विशाल रावण के पुतले का दहन होगा. इसके साथ ही आगरा की कॉलोनियों और मोहल्लों में भी रावण के पुतले दहन किए जाएंगे. कहीं आसमान छूते रावण के पुतले खड़े हैं तो कहीं बच्चों ने लंका बनाई है. कॉलोनियों तक उत्साह है और भगवान श्रीराम के जयघोष सुनाई दे रहे हैं.
रामलीला मैदान
यह आगरा का सबसे मुख्य और ऐतिहासिक आयोजन स्थल है. इस बार यहाँ 120 फीट ऊंचा चलता-फिरता रावण बनाया गया है. यह रावण अपनी आंखें झपकाएगा, हाथ हिलाएगा और तलवार व ढाल से अपना बचाव करता नजर आएगा. यहाँ रावण के साथ 100 फीट के मेघनाद और 30 फीट के कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा. रात 11 बजे तक यहां रावण दहन किया जा सकता है. इसके साथ ही यहाँ दो घंटे तक चलने वाला भव्य आतिशबाजी का मुकाबला भी होगा.
सेंट जॉन्स चौराहा
सेंट जॉन्स चौराहे के मैदान में यहाँ भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राम-रावण युद्ध की जीवंत झांकी दिखाई जाएगी, जिसके बाद आतिशबाजी के साथ रावण दहन होगा. रात करीब 12 बजे यहां दहन हो सकता है.
और कहां—कहां जलेगा रावण
इन बड़े आयोजनों के अलावा आगरा के निम्नलिखित क्षेत्रों में भी रावण दहन की विशेष तैयारियां की गई हैं. शाहगंज, अजीत नगर, अर्जुन नगर, साकेत कालोनी, जयपुर हाउस, लोहामंडी, तोता का ताल, कमला नगर, न्यू आगरा, बल्केश्वर, यमुना पार, राजपुर चुंगी, सुल्तानपुरा, नामनेर और छीपीटोला सहित कई क्षेत्रों में आयोजन होंगे. जगह-जगह आतिशबाजी और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच विजयादशमी का उत्साह दिखाई देगा.
रावण दहन शुभ मुहूर्त
दशहरा के दिन शाम 5 बजकर 47 मिनट के बाद रावण दहन का शुभ मुहूर्त प्रारंभ हो रहा है जो रात 08:30 बजे प्रदोष काल की समाप्ति तक रहेगा.