आगरालीक्स…आगरा में त्योहार पर जाम के झाम में फंस रहा आगरा. कहीं रास्ता बंद तो कहीं सड़कें खराब. पुलिस कमिश्नर ने बैठक कर जानी समस्या
आगरा इस समय जाम के झाम में बुरी तरह से फंसा. जहां देखो जाम ही जाम मिलता है. सुबह हो, दोपहर हो या फिर शाम, जाम आपको हर समय मिल ही जाएगा. कहीं रास्ते बंद हैं तो कही डायवर्जन लागू है. कहीं सड़कें खराब हैं तो कही मेट्रो की बैरीकेडिंग लगी हुई है. आने वाले त्योहारों और मेट्रो निर्माण को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की अध्यक्षता में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कई विभागों के अधिकारियों व प्रतिष्ठान स्वामियों के साथ बैठक की गई.
बैठक में एमजी रोड के विभिन्न प्रतिष्ठानों के स्वामी, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, L&T कंपनी एवं टोरंट पावर के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत/लाइन्स, सहायक पुलिस आयुक्त सदर उपस्थित रहे. बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात के बढ़ते दबाव, मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा एम.जी. रोड के विभिन्न प्रतिष्ठानों के स्वामियों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.
इस दौरान बैरिकेडिंग प्रबंधन, अतिरिक्त ट्रैफिक मार्शल की तैनाती, सड़कों पर पैचवर्क, आवश्यक साइनेज लगाने तथा वैकल्पिक मार्गों के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई. पुलिस कमिश्नर आगरा द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं के संबंध में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आमजन को आवागमन में होने वाली असुविधा को न्यूनतम करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत शहर की यातायात व्यवस्था सुगम, सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रहे.