आगरालीक्स…आगरा के एसएन में लगी अत्याधुनिक डिजिटल फ्लोरोस्कोपी मशीन. अब जटिल से जटिल रोगों की एसएन में ही होगी जांच..जानिए इस मशीन की विशेषताएं
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुविधाओं में एक और बड़ा इजाफा करते हुए शुक्रवार को अत्याधुनिक ‘डिजिटल फ्लोरोस्कोपी मशीन’ का भव्य उद्घाटन किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा एवं आसपास के कई जिलों के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। नई तकनीक की इस मशीन के आने से मरीजों को सटीक जांच और त्वरित इलाज की सुविधा मिलेगी। अब मरीजों को इन विशेष जांचों के लिए निजी सेंटरों या बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
विभागाध्यक्ष डॉ हरी सिंह ने मशीन की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह डिजिटल फ्लोरोस्कोपी मशीन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे जटिल से जटिल रोगों की जांच बेहद आसानी और सटीकता से की जा सकेगी।
डिजिटल फ्लोरोस्कोपी मशीन के प्रमुख कार्य एवं विशेषताएं:
डिजिटल फ्लोरोस्कोपी एक बेहद आधुनिक एक्स-रे (X-Ray) आधारित जांच तकनीक है, जो शरीर के आंतरिक अंगों की ‘रियल-टाइम’ (लाइव गतिमान) तस्वीरें और वीडियो प्रदान करती है।
रियल-टाइम मोशन इमेजिंग: जैसा कि विभागाध्यक्ष डॉक्टर हरि सिंह ने बताया, यह मशीन शरीर के अंदरूनी हिस्सों (जैसे भोजन निगलने की प्रक्रिया, दिल की धड़कन, या नसों में रक्त का बहाव) की लाइव वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो दिखाती है।
गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) जांच: पेट, भोजन नली (Esophagus), आंतों और पेट से जुड़ी बीमारियों का सटीक पता लगाने के लिए ‘बेरियम स्वालो’ (Barium Swallow), ‘बेरियम मील’ और ‘बेरियम एनीमा’ जैसी जटिल जांचें आसानी से की जा सकेंगी।
मूत्र प्रणाली (Urology) की जांच: गुर्दे, मूत्रवाहिनी और मूत्राशय की कार्यप्रणाली तथा रुकावटों की जांच (जैसे IVP, MCU) में यह मशीन अत्यंत उपयोगी है।
गाइनेकोलॉजी जांच: महिलाओं में बांझपन (Infertility) या गर्भाशय/फैलोपियन ट्यूब की नलियों की जांच (HSG) को बेहद सटीकता और कम समय में पूरा किया जा सकता है।
न्यूनतम रेडिएशन जोखिम: विभागाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि डिजिटल तकनीक होने के कारण यह पारंपरिक फ्लोरोस्कोपी मशीनों की तुलना में मरीजों और डॉक्टरों को बेहद कम रेडिएशन (Radiation) देती है, जिससे यह पूरी तरह सुरक्षित है।
उच्च गुणवत्ता की तस्वीरें (HD Imaging): मशीन से प्राप्त डिजिटल इमेज बेहद स्पष्ट होती हैं, जिन्हें तुरंत कंप्यूटर स्क्रीन पर देखा जा सकता है और डिजिटल फॉर्म में स्टोर भी किया जा सकता है।