आगरालीक्स…आगरा की दो क्रिकेटर सुप्रिया और संपदा यूपी सीनियर महिला टी 20 टीम में शामिल. 26 अक्टूबर से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में खेलेंगी. यूपी का पहला मुकाबला हैदराबाद से
आगरा की दो महिला खिलाड़ी सुप्रिया अरेला और संपदा दीक्षित को यूपी सीनियर महिला टी 20 टीम में चुना गया है. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने गुरुवार शाम को घोषित की गई टी 20 टीम में आगरा की इन दोनों क्रिकेटरों को भी जगह दी है. टीम 26 अक्टूबर से पुणे में शुरू हो रही बीसीसीआई सीनियर महिला टी 20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी. यूपी का पहला मुकाबला हैदराबाद से होगा.
आगरा में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशन ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि जिले की बेटियों का राज्य टीम में जगह बनाना स्थानीय क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत है. सुप्रिया अरेला आलराउंडर हैं. वह जिला और राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में आगरा महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही हैं. वहीं दाएं हाथ की बल्लेबाज और आफब्रेक गेंदबाज संपदा भी यूपी सीनियर महिला टीम की अनुभवी खिलाड़ी हैं.