मथुरालीक्स…ब्रजरज उत्सव में हेमा मालिनी बनी ‘मां गंगा’. 78 की उम्र में 90 मिनट तक किया नृत्य. गंगा अवतरण से लेकर प्रदूषण से कराहती नदी का किया भावपूर्ण मंचन
पद्मश्री और सांसद हेमा मालिनी ने शुक्रवार को वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में नृत्य नाटिका ‘मां गंगा’ के मंचन में अपनी शानदार और भावपूर्ण प्रस्तुति दी. हेमा मालिनी ने 90 मिनट तक की इस प्रस्तुति में अपने नृत्य के माध्यम से मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण, चार युगों की यात्रा और गंगा—यमुना सहित सभी नदियों की मौजूदा दुर्दशा का प्रभावशाली मंचन किया. इसके अलावा उन्होंने नदियों को प्रदूषण से बचाने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश भी दिया.
ब्रजरज उत्सव में गणेश वंदना के बाद हेमा मालिनी ने तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ मां गंगा की भूमिका में नृत्य नाटिका पेश की. उन्होंने अपनी प्रस्तुति में राजा भगीरथ की तपस्या, पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को पृथ्वी पर लाने का उनका संकल्प और भगवान शिव द्वारा गंगा की वेगवती धारा को अपनी जटाओं में धारण करने के प्रसंगों का सजीव मंचन किया. उन्होंने गंगा की यात्रा को चार युगों के परिप्रेक्ष्य में पेश किया.
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण, संत विजय कौशल महाराज, सांसद तेजवीर सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और सीईओ लक्ष्मी नागप्पन सहित अन्य अतिथियों ने किया.