आगरालीक्स...आगरा में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत. परिजनों में मची चीख पुकार
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव शालूवाई के पास शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मैनपुरी से आगरा कैंट जा रही ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जय किशन (पुत्र नरोत्तम सिंह), निवासी गांव शालूवाई के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मैनपुरी की ओर से आगरा कैंट जा रही ट्रेन जब गांव शालूवाई के पास से गुजर रही थी, तभी जय किशन ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल पर युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि वह शौच के लिए निकला था लेकिन बाद में उसकी मौत की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।