आगरालीक्स..आगरा में मेट्रो के अंदर अपना मोबाइल भूल गया यात्री. यूपीएमआरसी के स्टाफ ने सुरक्षित लौटाया
उत्तर प्रदेश मेट्रो का लॉस्ट एंड फाउंड सेल एक बार फिर यात्रियों के लिए भरोसेमंद और सहायक साबित हुआ है। मेट्रो कर्मियों की सतर्कता, ईमानदारी एवं निर्धारित प्रक्रिया के पालन से एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंपा गया। घटना आज शनिवार को दोपहर लगभग 3 बजे की है, जब चलती ट्रेन में यूपीएमआरसी के स्टाफ को एक नीला मोबाइल प्राप्त हुआ। ज्ञात हुआ की यह फ़ोन ट्रेन में छूट गया था जिसके बाद वह सही सलामत स्टेशन लाया गया । मोबाइल फिरोजाबाद के रहने वाले श्री आकाश दीप का था, जो आगरा मेट्रो में सफ़र कर रहे थे।
ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर स्टेशन कंट्रोलर द्वारा नियमानुसार आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह मोबाइल संबंधित यात्री को सुरक्षित रूप से लौटा दिया गया। बता दें कि यात्री ने अपना मोबाइल वापस मिलने पर मेट्रो कर्मियों का आभार जताया एवं उनकी कर्तव्यनिष्ठा को सराहा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा, मेट्रो के लॉस्ट एंड फाउंड सेल की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा ने यात्रियों का भरोसा जीता है और यह अन्य किसी भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक है।