आगरालीक्स…कार्तिक पूर्णिमा पर महासंयोग…सर्वार्थ सिद्धि योग में मनेगी देव दीपावली. इस बार एक ही दिन व्रत और स्नान-दान…
पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर, दिन सोमवार को रात 11 बजकर 42 मिनट से प्रारंभ हो रही है. इस तिथि का समापन 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा. ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी ने बताया की उदयातिथि के आधार पर कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर मंगलवार को है. उस दिन कार्तिक पूर्णिमा का व्रत रखा जाएगा और कार्तिक पूर्णिमा का स्नान-दान भी होगा.
कार्तिक पूर्णिमा 2026 मुहूर्त –
कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान के लिए सबसे उत्तम समय ब्रह्म मुहूर्त है. उस दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:03 AM से 05:57 AM तक है. यदि आप ब्रह्म मुहूर्त में स्नान न कर पाएं तो सूर्योदय के समय या उसके बाद कर लें. स्नान के बाद साफ वस्त्र पहन लें, फिर अपनी क्षमता के अनुसार दान दें. उस दिन सूर्योदय का समय 06:51 AM है. पूर्णिमा का अभिजीत मुहूर्त 11:47 AM से लेकर दोपहर 12:29 PM तक है. निशिता मुहूर्त रात 11:41 PM से लेकर देर रात 12:35 AM तक है.
ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी ने बताया की ज्योतिष के अनुसार प्रदोष काल में किया गया दीपदान विशेष फल देता है। इस दिन प्रदोष काल शाम 04:39 बजे से 06:09 बजे तक रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा चंद्रोदय –
कार्तिक पूर्णिमा के दिन व्रत में रात के समय चंद्रमा की पूजा करते हैं और अर्घ्य देते हैं. कार्तिक पूर्णिमा को चंद्रोदय शाम को 05:21 PM पर होगा. उस दिन चंद्रास्त का समय नहीं है.
3 शुभ योग में कार्तिक पूर्णिमा –
इस बार की कार्तिक पूर्णिमा पर 3 शुभ योग बन रहे हैं. उस दिन प्रात:काल में परिघ योग बनेगा, जो शाम को 04:06 PM तक रहेगा. उसके बाद से शिव योग का निर्माण होगा, जो जप, तप, पूजा, साधना के लिए उत्तम होता है.
कार्तिक पूर्णिमा पर सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह में 06:51 AM से बनेगा, जो रात में 11:25 PM तक रहेगा. यह सबसे अच्छा योग है. इसमें आप जिस मनोकामना से व्रत, स्नान और दान करते हैं, वह पूर्ण हो सकता है.
पूर्णिमा के दिन कृत्तिका नक्षत्र प्रात:काल से लेकर रात 11:25 PM तक है, उसके बाद से रोहिणी नक्षत्र है.
ऐसे में आप 24 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग में स्नान, दान, पूजा पाठ करें. भगवान विष्णु और शिव कृपा से आपके कष्ट दूर होंगे.
क्यों मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा / देव दीपावली ?
पौराणिक कथा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। देवताओं ने इसी खुशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था, तभी से यह तिथि देव दीपावली के रूप में प्रसिद्ध हुई। इस दिन भगवान विष्णु का मत्स्य अवतार भी माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को गंगा स्नान, सत्यनारायण व्रत-कथा, तुलसी पूजन और दीपदान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान-पुण्य का फल कभी समाप्त नहीं होता। इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर गुरु नानक जयंती का भी पावन संयोग बन रहा है, जिससे इस पर्व का महत्व और बढ़ गया है।