आगरालीक्स…आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक संरचना और स्टेशन निर्माण का कार्य लगभग पूरा. रावली स्टील स्पैन के लिए डेक शीट कार्य पूरा.
आगरा मेट्रो के कॉरिडोर २ पर सिविल निर्माण कार्य प्रगति पर है। 15 किमी लंबे कॉरिडोर पर सिविल संरचना का कार्य तेज़ी से चल रहा है। जहाँ एक ओर प्रायोरिटी स्ट्रेच (आगरा कैंट से आगरा कॉलेज) पर संरचना एवं स्टेशन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहीं बैलेंस सेक्शन पर भी कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
आगरा मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर में रावली क्रासिंग पर, सेंट जॉन्स क्रासिंग पर, भगवान टॉकीज पर और यमुना नदी पर स्टील स्पैन का परिनिर्माण किया जाना है। इनमे रावली स्पैन का कार्य सबसे आगे है एवं शीघ्र ही स्पैन लांच किया जाना है।
एमजी रोड पर रेलवे लाइन पार करने के लिए मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण यू-गर्डर की जगह 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन से होगा। जिससे कम जगह में अधिक दूरी कवर की जा सकेगी। इससे मेट्रो कॉरीडोर को मजबूती भी मिलेगी और इससे काम आसान भी होगा।
स्टील स्पैन की डेक शीट बिछाने का कार्य हुआ पूरा
आगरा मेट्रो के रावली स्पैन के लिए डेक शीट बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। पारंपरिक कंक्रीट फ्लोर (बेस) की जगह स्टील स्पैन में पहले स्टील की शीट से फ्लोर या बेस बनाया जाता है, जिसके उपरांत ऊपर से कंक्रीटिंग की जाती है।
26000 बोल्ट से बनेगा रावली का स्टील स्पैन
विदित हो कि रावली पर निर्मित हो रहा स्टील स्पैन 26000 बोल्ट्स से बना है, जिसकी बोल्टिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस 60 मीटर लंबे स्पैन में लगभग 26000 बोल्ट्स लगेंगे। पारंपरिक परिनिर्माण तकनीक से हटके यह स्टील स्पैन अपनी असेंबली लोकेशन से रेलवे लाइन के ऊपर लांच किया जाएगा।
विदित हो कि पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक 14 किमी लंबा है, जिसमें 6 एलिवेटेड और 7 भूमिगत स्टेशन हैं। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक 15.4 किमी लंबा है, जिसमें 14 एलिवेटेड स्टेशन हैं। इनमें से 6 स्टेशन एमजी रोड पर बनेंगे।