आगरालीक्स आगरा के आंबेडकर विवि में सीसीटीवी से पकड़ी परीक्षा केंद्रों पर नकल, तीन केंद्र निरस्त, आज चार नए केंद्रों पर होगी परीक्षा, शिक्षक बोल बोल कर छात्रों को करा रहे थे सामूहिक नकल।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की परीक्षा आगरा सहित चार जिलों के 387 केंद्रों पर चल रही है। सोमवार को विवि के खंदारी परिसर स्थित कंट्रोल रूम में तीन केंद्रों पर सामूहिक नकल कराए जाने की रिपोर्ट दी गई थी। एक केंद्र पर शिक्षक दरवाजे के पीछे खड़े होकर बोल बोल कर नकल करा रहे थे तो एक केंद्र पर छात्र एक साथ झुंड बनाकर बैठे थे और उत्तर लिख रहे थे।
ये तीन केंद्र सामूहिक नकल में किए गए निरस्त
विवि प्रशासन ने सामूहिक नकल में किशन दिलीप सिंह बघेल डिग्री कॉलेज धनौली को निरस्त कर दिया है, बुधवार से परीक्षाएं श्री ज्वाला प्रसाद शर्मा शिक्षण संस्थान फतेहपुर सीकरी पर होंगी। पंडित हुकुम सिंह एजुकेशनल कॉलेज राया बल्देव मथुरा को भी निरस्त कर दिया है इस केंद्र के छात्रों की परीक्षा श्री फतेह सिंह डिग्री कॉलेज मथुरा में होगी। वहीं, निरस्त किए गए ज्ञान एजुकेशन इंस्टीटयूट लालपुर मथुरा के छात्रों की परीक्षाएं श्री सिद्धिविनायक महाविद्यालय गोवर्धन मथुरा में होंगी।
कालेज सील होने पर बदला केंद्र
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश के अनुसार, लोन के मामले में श्री सुरेश चंद्र सिंघल मेमोरियल महाविद्यालय जगनेर मार्ग को सील कर दिया था इस कॉलेज के छात्रों की परीक्षाएं अब सरदार पटेल एजुकेशनल कॉलेज खेरागढ़ में होंगी।