आगरालीक्स… आगरा में दूधिया रोशनी और हाई पिच म्यूजिक के बीच एक के बाद एक तालियों की गडगडाहट के साथ सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस के नामों की घोषणा होगी। आगरा में पहला शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 27 से 29 जुलाई तक आयोजित होने जा रहा है। आगरा में आयोजित होने जा रहे शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के पहले संस्करण में आवेदन की अंतिम तिथि 5 जुलाई है।
आगरा और आसपास के जिलों के फिल्म प्रेमियों के लिए यह शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल अनूठा अनुभव होगा। रुद्रा संस्था के अध्यक्ष डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में बच्चों के लिए वर्कशॉप का भी आयोजन किया जाएगा मशहूर फिल्मकारों द्वारा बच्चों को फिल्म निर्माण की बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा
रुद्रा संस्था की सचिव प्रभजोत कौर ने बताया कि फिल्म महोत्सव में 8 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, बेस्ट स्क्रीनप्ले, बेस्ट कैमरावर्क बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस, बेस्ट साउंड, बेस्ट एडिटर शामिल हैं। फिल्मों की स्क्रीनिंग तीन वर्गों में की जाएगी। जिनमें कॉमर्शियल, आर्ट मूवी और अन्य श्रेणी शामिल हैं। रुद्रा संस्था के उपाध्यक्ष अमित पंडित ने बताया कि इस फेस्टिवल से ना केवल फिल्मकार बल्कि देश के तमाम ब्लॉगर भी जुटेंगे। यह ब्लॉगर्स अपने ब्लॉग्स पर आगरा शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली फिल्मों की समीक्षा भी करेंगे।
इन फिल्मों की भी होगी स्क्रीनिंग
आगरा में पहली बार आयोजित शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में ख्याति प्राप्त एक्टर कुमुद मिश्रा और निर्देशक पल्लव गोयल की फिल्म आपका अमिताभ, कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजी गई निर्देशक पंडित गौरव गौतम की फिल्म द सनफ्लावर, युवा निर्देशक मनसुख राजपूत की शॉर्ट फिल्म सजा, निर्देशक मोहम्मद गनी व डॉ. आलोक प्रकाश की गुब्बारे की स्क्रीनिंग भी होगी।संदीपन नागर, नाट्य निर्देशक व फिल्मकार ने कहा है कि आगरा शॉर्ट फिल्म महोत्सव ब्रज क्षेत्र में फिल्मी गतिविधियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। समारोह के पहले संस्करण को ही जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। तमाम देशी-विदेशी फिल्मों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। उम्मीद है कि यह महोत्सव सफलतम कार्यक्रमों में शुमार होगा।
विदेशी फिल्में भी दिखाई जाएंगी
ताजनगरी में पहली बार आयोजित होने वाले इस शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में कई विदेशी फिल्मों की स्क्रीनिंग भी होगी। समारोह के संयोजक मीतेन रघुवंशी ने बताया कि इनमें रशियन डायरेक्टर एलेक्सजेंडर माशानोव की फिल्म हैजेनहोग व
डच फिल्म ‘बोनेचांस’ की विशेष स्क्रीनिंग भी होगी।
विशेष भूमिका में सोहा अली खान
आगरा शॉर्ट फिल्म महोत्सव में आगरा ऑबस्टेटिक एंड गायनेलॉजिकल सोसाइटी की फिल्म दोषी कौन का प्रदर्शन भी होगा। इस फिल्म में मशहूर अभिनेत्री सोहा अली खान की विशेष भूमिका है।