आगरालीक्स… आगरा में पहली बार एशियन स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप होने जा रही है, इसके लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आगरा (यूपी) में पहली बार आयोजित हो रही 46 वीं एशियन स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप की तैयारियां चरम पर हैं। इस क्रम में बुधवार को राधा बल्लभ इंटर कॉलेज में आयोजन सचिव बिल्लू चौहान व चीफ कंट्रोलर महंत योगेश पुरी ने चैंपियनशिप का आकर्षक पोस्टर जारी किया, वहीं एसजीएफआई के संयुक्त सचिव व इंडियन टीम के चीफ डीमिशन डॉ प्रदीप कुमार ने चैंपियनशिप में सहभागी इंडियन टीम की घोषणा की। इस दौरान एसजीएफआई के महासचिव डॉक्टर राजेश मिश्रा, चैंपियनशिप के सहायक नोडल ऑफिसर व जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह व डॉक्टर अनिल वशिष्ठ भी मौजूद रहे। इस मौके पर एसजीएफआई के महासचिव डॉ राजेश मिश्रा ने बताया कि 22 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे आनंद कॉलेज में प्रतियोगिता का उद्घाटन व 29 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे प्रील्यूड पब्लिक स्कूल में समापन होगा। उद्घाटन में खेल मंत्री चेतन चौहान मुख्य अतिथि रहेंगे। अध्यक्षता मंडलायुक्त अनिल कुमार करेंगे। आयोजन सचिव बिल्लू चौहान ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के सभी मैच मुख्य रूप से हिंदुस्तान कॉलेज, आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज, प्रील्यूड पब्लिक स्कूल तथा एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैफरी खिलाएंगे। ये है इंडियन टीम… उर्जय ब्रह्म, रोहन चैत्रे (असम) युवराज सिंह (सीबीएसई) टाइसन सिंह (चंडीगढ) सुरेश कुमार ध्रुव (छत्तीसगढ़) जगदीश टोकस (दिल्ली) एलिस्टर हंसेल (गोवा) अजय कुमार हरजी भाई चौधरी (गुजरात) अलिफ रहमान मुल्ला (हरियाणा) बिजोय वर्गीस, सिजिन (केरल) रुपेश कौशल (मध्य प्रदेश) शिवराज विलास पाटील, भुवन सत्यनारायण (महाराष्ट्र) माइकल सिंह, पोगइन मुअन छकचौक, कपौइ सिंह, थैंग्योलालमिनथैंग, जॉनी कॉम सिंहटे (मणिपुर) रायसेन टू डू (उड़ीसा) मोहम्मद इमरान, मनीष यादव (उत्तर प्रदेश) वाजिद अली, शिवम थापा, यश बिष्ट (उत्तराखंड)