आगरालीक्स… आगरा में अमेजन कंपनी के डिलीवरी ट्रक से महंगे मोबाइल चोरी करने वाला हाईटेक गिरोह पकडा गया है। जीपीएस लगे होने के कारण गिरोह चलते ट्रक में इलेक्ट्रॉनिक लॉक खोलने के बाद मोबाइल चोरी करता था, इनके पास से 23 नए और पुराने मोबाइल जब्त किए गए हैं।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में सीओ जीआरपी ने बताया कि गुरुवार रात को आगरा कैंट स्टेशन से पांच युवकों को पकडा गया, पूछताछ में युवकों ने अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है।
अमेजन के वेयर हाउस से चलते ट्रक से करते थे मोबाइल चोरी
सीओ अनुराग दर्शन ने बताया कि ई कॉमर्स कंपनी का जयपुर में वेयरहाउस है, यहां से पुणे और मुंबई के लिए 12 चक्का ट्रक से मोबाइल जाते हैं। गिरोह में पकडा गया शातिर जितेंद्र निवासी थाना अतरौली अलीगढ इलेक्ट्रोनिक लॉक खोलने में माहिर है, ये अपने पांच अन्य साथियों के साथ वेयरहाउस से निकले वाले ट्रक चालकों के संपर्क में रहता था, वेयर हाउस से ट्रक निकलने के बाद गिरोह के सदस्य सक्रिय हो जाते थे। ट्रकों में जीपीएस लगा होता है, जिससे ट्रक कहीं रुकता है तो उसकी जानकारी हो सके, ट्रक ड्राइवर से भी कारण पूछा जा सके। ऐसे में शातिर चलते ट्रक में चोरी करते थे, जितेंद्र पीछे लगा इलेक्ट्रोनिक लॉक खोलता था, इसके बाद ट्रक के अंदर रखे मोबाइल की चोरी करने के बाद खाली डिब्बे सील कर दिए जाते थे। मोबाइल चोरी करने के बाद ट्रक के इलेक्ट्रॉनिक लॉक को बंद कर चलते ट्रक से शातिर कूद जाते थे।
23 मोबाइल किए जब्त
जीआरपी की टीम ने गिरोह में शामिल जितेंद्र के साथ ही भूपेंद्र निवासी एटा, सलमान निवासी मैनपुरी, सुबोध निवासी अलीगढ, गजेंद्र निवासी आगरा और कपिल निवासी हाथरस को पकडा है। इनके पास से 14 नए सहित 23 मोबाइल जब्त किए गए हैं।