आगरालीक्स …आगरा से वर्ल्ड अर्थ डे पर नेक शुरूआत, रेनबो हॉस्पिटल ने आगरा में हरेक से इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है। सोमवार को इसी संकल्प के तहत गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने पार्क में अस्पताल की ओर से पौधे लगाए गए।
गौरतलब है शहर में पार्कों को गोद लेकर सौंदर्यीकरण अभियान के अंतर्गत रेनबो हॉस्पिटल ने उक्त पार्क को गोद लिया है। इसका सौंदर्यीकरण कार्य भी अस्पताल द्वारा कराया जा रहा है। सोमवार को अस्पताल के निदेशक डॉ नरेंद्र मल्होत्रा, मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ राजीव लोचन शर्मा, सोविटास हैल्थ केयर के प्रबंध निदेशक नितिन जी, रेनबो हॉस्पिटल के महाप्रबंधक राकेश आहूजा, अमृतपाल सिंह चड्ढा, लवकेश गौतम, केशवेंद्र सिसौदिया, विन्यकान्त नागर, सचिन आदि ने पार्क में पौधे लगाए। डॉ नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर पार्टी के नाम पर रूपये खर्च करता है और फिर कुछ दिनों बाद इसे भूल जाता है। यदि हम इन खास अवसरों पर पौधे भेंट करें तो यह दीर्घकाल तक चलेंगे और समाज को भी इनका लाभ मिलेगा। बस इसी सोच के साथ रेनबो अस्पताल और मल्होत्रा नर्सिंग एंड मैटरनिटी होम ने वर्ष 2019 में एक नई मुहिम शुरू की है। इस बार एक अनौखी सोच के साथ संतान पैदा होने के बाद माता-पिता को एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाने का अभियान शुरू किया गया है।

विगत एक अप्रैल से अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों के अभिभावकों को अस्पताल से छुट्टी के समय एक पौधा भेंट किया जा रहा है। इनके गमलों पर नए माता-पिताओं के लिए एक संदेश भी लिखवाया गया है कि जिस तरह यह पौधा बढे़गा, आप अपनी संतान को भी अच्छे भविष्य की ओर बढ़ता पाएंगे। मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डा. राजीव लोचन शर्मा ने कहा कि यह प्रयास देखने में जरूर छोटा लगे, लेकिन इसके परिणाम सभी के लिए लाभदायक होंगे। बच्चे अपने माता-पिता को देखकर ही बडे़ होते हैं और माता-पिता ही उनकी प्रथम पाठशाला होते हैं। मां-बाप का फर्ज है कि वह पौधे को अपनी संतान की तरह और संतान को पौधे की तरह सींचकर बड़ा करें और दोनों को ही घने छायादार वृक्ष की तरह दूसरों के काम आने वाला बनाएं।