आगरालीक्स …आगरा में फिल्म सिटी की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, इसके लिए ऑस्कर एकेडमी के प्रेसीडेंट जान बैली के साथ डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने आगरा में विस्तार से चर्चा की। सोमवार को होटल अमर विलास में आस्कर एकेडमी के प्रेसीडेंट जान बैली के साथ डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने बैठक की, उन्होंने बताया कि आस्कर एकेडमी अमेरिका, इंग्लैंड के बाद अपना तीसरा कार्यालय मुंबई में खोलने जा रही है। इसके जरिए भारत में फिल्म इंडस्ट्री के प्रमोशन की गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में भी ऑस्कर अकादमी नोएडा और आगरा में फिल्म सिटी की संभावनाओं को तलाश रही है। उन्होंने बताया कि 90 साल बाद ऑस्कर संस्था का कोई पदाधिकारी हिंदुस्तान आया है। मुंबई में ऑस्कर के तीसरे कार्यालय को खोलने के साथ यहां दादा साहब फाल्के की प्रतिमा भी लगाई जाएगी। बॉलीवुड को इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।
पत्नी संग किया ताज का दीदार
ऑस्कर प्रेसीडेंट जॉन बैली ने अपनी पत्नी कैरल लिटिलटन के साथ ताज महल का दीदार किया, वे ताजमहल में डेढ़ घंटा बिताया और मुख्य गुंबद के साथ सेंट्रल टैंक, डायना सीट और रॉयल गेट पर फोटोग्राफी की। जॉन बैली ने ताजमहल की विजिटर बुक में अपने कमेंट में लिखा है कि ताजमहल किसी कविता की तरह है। मैने ऐसा वास्तु कहीं नहीं देखा। शाम को सूर्यास्त के समय मैजिक ऑवर की वह लाइट जो ताज पर पड़ती है, वह जादुई है। उनकी पत्नी और ऑस्कर अकादमी की गवर्नर लिटिलटन ने भी ताज पर सूर्यास्त की जादुई रोशनी को अविस्मरणीय बताया है।