आगरालीक्स आगरा के मिशनरी स्कूल के कक्षा नौ के छात्र को कार सहित अपहरण करने वाले किडनैपर को पुलिस ने पकड लिया है। उसके साथियों की धरपकड के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
आगरा में 18 जून को प्रतापपुरा चौराहे से एलआईसी अधिकारी के बेटे सेंट जॉर्जेज में नौंवी कक्षा के छात्र अर्पित को कार सहित किडनैप कर लिया था। पुलिस की नाकाबंदी के चलते कुछ घंटे बाद अर्पित को किडनैपर मुडी चौराहा, खंदौली के पास छोडकर भाग गए थे। गुरुवार को थाना रकाबगंज पुलिस ने छात्र को किडनैप करने के आरोप में दिलीप सिरोही को अरेस्ट किया है। उसके अन्य साथियों की धरपकड में पुलिस जुटी है।

अजय हिटलर गैंग ने किया था अपहरण
पूछताछ में सामने आया है कि सेंट जॉर्जेज के नौंवी के छात्र अर्पित का अपहरण मेरठ के अजय हिटलर गैंग ने किया था। पकडा गया उनका साथी दीपक साहिबाबाद, जनपद गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस अजय हिटलर, बबलू समेत तीन अन्य बदमाशो की धरपकड के प्रयास कर रही है।
यह था मामला
आगरा के सदर क्षेत्र स्थित नेहरू एनक्लेव निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय एलआईसी में अधिकारी हैं। उन्होंने रविवार को नई कार खरीदी थी, वे 18 जून को शाम साढ़े सात बजे अपने बड़े बेटे अंशुमान और छोटे 14 वर्षीय सेंट जॉर्जेज स्कूल के नौंवी के छात्र अर्पित के साथ गाडी में एसेसरीज डलवाने के लिए प्रतापुरा पहुंच गए। यहां कार डेकोरेशन की दुकान के सामने कार रोकना प्रतिबंधित है। उन्होंने कार को चर्च के सामने खाली मैदान में खडा कर दिया और अंशुमान और अर्पित कार में छोडकर एसेसरीज की दुकान पर चले गए।
बदमाश ने अंशुमान को भेजकर अर्पित को किया किडनैप
कार में अंशुमान और अर्पित बैठे हुए थे। इसी बीच एक युवक आया और उसने अंशुमान से कहा कि तुम्हे पापा बुला रहे हैं। अंशुमान दुकान पर चला गया। इसी दौरान बदमाश कार सहित अर्पित का अपहरण कर ले गए। थोड़ी देर बाद जब अंशुमान वहां पहुंचा तो कार गायब मिली। अर्पित का मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा था। इससे उन्हें चिंता हुई। पुलिस को अपहरण की सूचना दी।
जिले में नाकाबंदी, तीन घंटे बाद मिला छात्र
पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी, छात्र की तलाश में पुलिस अधिकारियों की टीम को लगाया गया। रात 10. 30 बजे मुडी का चौराहा खंदौली पर पुलिस को अर्पित मिल गया। कुछ देर बाद ही आरबी डिग्री कॉलेज कालिंदी विहार के पास कार भी मिल गई। पुलिस छात्र से पूछताछ कर रही है।