आगरालीक्स… आगरा में ढोल नगाड़ों संग अगुवाई करते श्वेत अश्व। श्रीफल के साथ मंगल कलश लिए महिलाएं। भक्ति की रसधारा बिखेरते बैंडबाजों संग चलती भगवान महावीर की आकर्षक झांकियां। और पीछे भगवान के जयकारे लगाते व नाचते झूमते श्रद्धालुओं संग नगर प्रवेश करते आचार्य भगवन्त विजय जयानंद सूरीश्वर जी महाराज। भक्ति भाव से परिपूर्ण कुछ ऐसा ही दृष्य था जनकल्याणकारी चातुर्मास आयोजन के लिए श्रमण व श्रमणी वृन्द के साथ नगर प्रवेश करते आचार्य का। जिसमें आगरा सहित पंजाब, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रांतों के हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया

चातुर्मास के लिए श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा आचार्य का नगर प्रवेश के दौरान भव्य स्वागत किया गया। धूमधाम से गुरुद्वारा बालूगंज से प्रारम्भ हुई शोभायात्रा का समापन श्री वासुपूज्य जैन श्वेताबर मंदिर वल्लभ नगर में हुआ। जगह-जगह शोभायात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में धर्मसभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मेयर नवीन जैन आचार्य का आशीर्वाद लेकर उनका आगरा प्रवास के लिए धन्यवाद किया। चातुर्मास समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि 42 वर्ष बाद आगरा शहर को चातुर्मास में आचार्य के प्रवास का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। अशोक कुमार जैन ने स्वागत गीत व अंजल जैन, जयति जैन, कोमल जैन ने भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्य रूप से चार्तुमास समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार जैन, सभाध्यक्ष अशोक कुमार जैन, मंत्री गिरीश कुमार जैन, संयोजक सुनील कुमार जैन, समन्वयक कुणाल जैन, दिल्ली से अशोक कुमार जैन, फरीदाबाद से रामजा रत्न राजकुमार, उपप्रधान शशि कुमार जैन, कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार जैन, संजीव जैन, शारदा विवि के कुलपति वाईके गुप्ता, राजीव जैन आदि मौजूद थे।
संत हैं तो सोना है, संत नहीं सूना है
आगरा। धर्मसभा में आचार्य विजय जयानंद ने कहा कि हंस के बोला करो, हंस के बुलाया करो, ये धर्म स्थान आपका है प्रतिदिन आया करो। वहीं श्रमणी वृन्द पुनीत यशा ने संत की महिमा बताते हुए कहा कि संत हैं तो सोना है, संत नहीं सूना है। कहा कि आज लोगों के चेहरे पर स्माइल सिर्फ सेल्पी के वक्त ही दिखती है। सिर्फ सेल्फी के समय नहीं जीवन में मुस्कान लाइये। इस मौके पर श्रमण जयकीर्ति विजय जी महाराज, श्री जिनेन्द्र किर्ती विजय जी व श्रमणी वृन्द चंद्र यषा भी मौजूद थीं।
बैकुण्ठी देवी कॉलेक के पास वाले चौक का नाम होगा विजय वल्लभ चौकः मेयर
आगरा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेयर नवीन जैन ने घोषणा की कि बैकुण्ठी देवी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित मंदिर के मार्ग का नाम विजय वल्लभ मार्ग व चौक का नाम विजय वल्लभ चौक किया जाएगा। सरकार के समक्ष समाज के शैक्षणिक कार्यों में सहयोग की बात भी रखी जाएगी।