आगरालीक्स.. आगरा में इनर रिंग रोड पर टोलकर्मियों के साथ मारपीट और फायरिंग में सांसद राम शंकर कठेरिया की सुरक्षा में शामिल दो पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इनसे पुलिस पूछताछ करेगी, इस मामले में टोलकर्मियों की तहरीर पर सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया और एक अज्ञात पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। हालांकि, सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया का कहना टोलकर्मियों ने पहले हमला किया। आत्मरक्षा में सुरक्षा कर्मियों को हवाई फायरिंग करनी पडी। इस मामले में टोल कंपनी द्वारा पूरे प्रकरण में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया के बीच बचाव करने का दावा करते हुए पत्र जारी करने का दावा किया जा रहा है।
आगरा के इनर रिंग रोड पर टोल प्लाजा है आगरा के खंदारी परिसर में रह रहे इटावा सांसद और एससी आयोग के अध्यक्ष डाॅ राम शंकर कठेरिया काफिले के साथ शनिवार अल सुबह इटावा जा रहे थे। टोल प्लाजा प्रभारी अनुपम सिंह की तहरीर के अनुसारए शनिवार सुबह 3 45 बजे इटावा सांसद डाॅ राम शंकर कठेरिया का काफिला टोल प्लाजा पर पहुंचाए उनके टोला प्लाजा से होकर जाने की कोई सूचना नहीं थी। उनके काफिले में पांच छोटी गाडी और एक बस थी। टोल कर्मी ने एक एक गाडी को निकालने के लिए कहा इसे लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सांसद डाॅ राम शंकर कठेरिया के सुरक्षा कर्मियों ने पीटना शुरू कर दिया। फायरिंग की,
इस मामले में एससी आयोग के अध्यक्ष, इटावा के सांसद डाॅ राम शंकर कठेरिया और एक अन्य पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुरक्षा में लगे दो सिपाही सस्पेंड
एसएसपी बबलू कुमार का मीडिया से कहना है कि सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया की सुरक्षा में लगे सिपाही पिंकू उपाध्याय, आगरा और विपिन कुमार, अलीगढ को सस्पेंड कर दिया है।
सांसद ने टोलकर्मी के खिलाफ दी तहरीर
इस मामले में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया की तरफ से सीओ एत्मादपुर को तहरीर दी गई है। इसमें आरोप लगाया है कि टोलकर्मियों ने हमला किया, बचाव में सुरक्षा कर्मियों को हवाई फायरिंग करनी पडी। सुरक्षा कर्मी विपिन कुमार और पिंकू उपाध्याय के हाथ में चोट आई है।