आगरालीक्स ..आगरा में सिपाही भर्ती में अब तक 16 मुन्नाभाई पकडे जा चुके हैं। छह से सात लाख में सौदेबाजी की गई, आगरा पुलिस ने पुलिस भर्ती रैकेट पकड लिया है।
आगरा में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। यहां एक सप्ताह में पुलिस 16 फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकांश आरोपित बॉयोमेट्रिक और फोटो मिलान नहीं होने पर पकड़े गए।
शुक्रवार को एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने प्रेसवार्ता में बताया कि सॉल्वर गैंग का सरगना अनीश खान है। वह एटा के थाना जैथरा के नगला सबित का रहने वाला है। पकड़े गए दो अन्य आरोपित धर्मेंद्र सिंह निवासी नगला कटील थाना पटियाली कासगंज और दुर्योधन निवासी अकबरपुर थाना अलीगंज, एटा हैं। फीरोजाबाद के थाना मक्खनपुर निवासी अमन यादव, विजय यादव और अरविंद यादव भी उनकी गैंग में हैं।
सात लाख रुपये में सौदेबाजी
गिरोह केंद्र और राज्य की पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को सात लाख रुपये तक में पास कराने का ठेका लेता था। आरोपित धर्मेंद्र ने बताया कि उसने पुलिस भर्ती में आवेदन किया था। उसकी जगह सॉल्वर दुर्योधन ने लिखित परीक्षा दी थी। उत्तीर्ण होने के बाद वह प्रमाण पत्रों के सत्यापन और नाप-जोख कराने आया था। आरोपितों से एक स्कार्पियो भी बरामद की है। गिरोह को पकडऩे वाली टीम में इंस्पेक्टर छत्ता उमेश त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, क्राइम ब्रांच के हरवेंद्र मिश्रा शामिल हैं।