आगरालीक्स… आगरा में 15 बेड से अधिक की क्षमता वाले अस्पतालों को मरीजों का इलाज करना अनिवार्य, पीपीई, मास्क पहनेंगे, कर्मचारी अस्पताल में ही रहेंगे।
आगरा में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 149 पहुंच गई है। इसमें से इलाज करने वाले डॉक्टर, जूनियर डॉक्टर, काम करने वाले कर्मचारी और हॉस्पिटल के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों सहित 40 से अधिक कोरोना संक्रमित हैं। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा निजी अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। डीएम प्रभु एन सिंह द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि 15 बेड से अधिक क्षमता वाले निजी अस्पतालों को अनिवार्य रूप से हॉस्पिटल का संचालन करना पडेगा। मरीज भर्ती कर इलाज करना होगा, इसके लिए वे 25 से 30 फीसद कर्मचारी ही अस्पताल में बुलाएं। हॉस्पिटल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी पीपीई और मास्क पहनकर ही काम करें। पूरी सावधानी बरतें।
अस्पताल में ही क्वारंटाइन करेंगे कर्मचारी
निजी अस्पतालों में आने वाले कर्मचारियों को घर नहीं भेजा जाएगा, इन्हें अस्पताल द्वारा क्वारंटाइन कराया जाएगा। वहीं, आईसीयू में काम करने वाले कर्मचारियों को एक ही जगह क्वारंटाइन किया जाएगा।
