आगरालीक्स…आगरा से कोरोना को लेकर पॉजिटिव खबर है, एकाउंटेंट सहित 2 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए। इसमें से एक को कोरोना से निमोनिया हो गया था। दोनों पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। इस तरह आगरा के कोरोना संक्रमित 12 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अभी भी 145 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है।
एसएन में भर्ती जीवनी मंडी क्षेत्र का एकाउंटेंट 21 मार्च को दुबई से लौटा था, जांच में कोरोना की पुष्टि होने के बाद दो अप्रैल को एसएन में भर्ती किया गया। वह अब पूरी तरह से ठीक हो गया है, उसे रात में छुटटी दे दी गई। तीन अप्रैल को 45 साल के घटिया आजम खां निवासी युवक के कोरोना संक्रमित होने पर भर्ती किया गया था। इन्हें निमोनिया हो गया था, ये भी पूरी तरह से ठीक हो गए हैं, इन्हें भी छुटटी दे दी गई। इस तरह आगरा के 12 मरीज कोरोना से पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
कोरोना के 5 नए केस, 172 हुए मरीज
गुरुवार को कोरोना के पांच नए केस सामने आए हैं। इसमें से एसएन के आइसीयू में भर्ती शास्त्रीपुरम निवासी 57 साल के मरीज की 14 अप्रैल को मौत हो गई थी, उनके एक परिजन में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, शहीद नगर निवासी 45 साल की महिला मरीज ने हरीपर्वत पर डायलिसिस कराई थी, इनके भी एक परिजन में कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि एक मरीज भगवान टॉकीज के पास स्थित हॉस्पिटल के संपर्क में आना वाला है। दो अन्य मरीज हैं। इस तरह गुरुवार को पांच कोरोना के नए केस आए हैं। इससे संख्या बढकर 172 हो गई है।
एसएन की विभागाध्यक्ष, उनके डॉक्टर पति सहित एसएन के जूनियर डॉक्टरों की रिपोर्ट निगेटिव
एसएन के आईसीयू में भर्ती मरीज कमला नगर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था, अस्पताल संचालक सेवानिव्रत्त चिकित्सक, उनकी एसएन में कार्यरत विभागाध्यक्ष पत्नी, उनके रिश्तेदार डॉक्टर सहित एसएन के जूनियर डॉक्टरों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एसएन के 5 वार्ड बॉय पॉजिटिव
आगरा में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 172 है। इसमें से 5 वार्ड बॉय भी पॉजिटिव हैं। बुधवार रात को आई रिपोर्ट में चार वार्ड बॉय पॉजिटिव आए हैं, इससे पहले एक वार्ड बॉय और पॉजिटिव आ चुके हैं। ये एसएन के अलग अलग विभाग में कार्यरत हैं। एसएन के आईसीयू में भी कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है, बाल रोग वार्ड में भर्ती रही 13 साल की बच्ची के जयपुर में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इससे एसएन में खतरा लगातार बढता जा रहा है।