आगरालीक्स… आगरा के विधायकों को उम्मीद, योगी मंत्रिमंडल में विस्तार की संभावना, आगरा मेट्रो के शिलान्यास की तैयारी तेज, कल दबेगा बटन।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। मंत्रिमंडल के दो सदस्यों के निधन के बाद खाली हुए रिक्त स्थानों को भरा जाएगा, कुछ मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है। करीब छह लोग मंत्रीमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी की इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से वार्ता हो चुकी है। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह इस संबंध में अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजेंगे, जिसके बाद इस पर मुहर लग सकती है।
मुंबई में सिलेंडर में विस्फोट से 20 घायल
महाराष्ट्र के मुंबई के लालबाग इलाके में आज सुबह एक मकान में हुए सिलेंडर में विस्फोट से 20 लोग घायल हो गए, जिसमें कई की हालत गंभीर है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। हादसे की जानकारी पर बीएमसी की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और राहत और बचान कार्य शुरू किया। सभी घायलों को केईएम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हादसे की जानकारी के बाद मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने अस्पताल में घायलों का हाल भी जाना।
कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी जारी
देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी का दौर जारी है। साथ रिकवरी भी अधिक हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 36,652 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 42, 42,533 मरीज ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट 94.28 प्रतिशत हो गया है।
ब्रह्मांड की शानदार तस्वीरें जारी
नासा ने ब्रह्मांड की कुछ शानदार तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की हैं। यह फोटो इतने सुंदर हैं कि लोग देखकर हैरत में रह जाएं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने ब्लैक होल के चारों ओर घूमने वाले पदार्थ से लेकर निहारिका को रोशन करने वाले एक सितारे समेत कई फोटो हैं। नासा ने अधिकारिक इंस्टाग्राम और ट्विटर पर जो पहली तस्वीर जारी की है, उसमे टी टौरी नाम का एक सितारा है। इस सबके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।