आगरालीक्स..किसानों का भारत बंद कल. कई दल समर्थन में. केंद्र से एडवाइजरी जारी होते ही आगरा पुलिस अलर्ट.
कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में धरना दे रहे किसानों ने आठ दिसंबर, मंगलवार को भारत बंद का आहृान किया है. किसानों के समर्थन में कई राजनीतिक दल भी आ गए हैं. उत्तर प्रदेश की चारों मुख्य पार्टियां समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, रालोद और कांग्रेस ने भी भारत बंद को अपना समर्थन दिया है. किसानों के इस बंद को लेकर कई अन्य गैर—राजनीतिक संगठन भी समर्थन में उतरे हैं. हालांकि ताजनगरी में अभी भी कई व्यापारिक संगठनों में भारत बंद को लेकर ऊहापोह की स्थिति है. उन्होंने अभी तक भारत बंद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है.
इधर भारत बंद को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी जारी कर दी गई है. केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्षों से राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा है. एडवाइजरी जारी होते ही आगरा पुलिस भी अलर्ट हो गई है. जगह—जगह चेकिंग की जा रही है. संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है.