आगरालीक्स…एसएन इमरजेंसी के बाहर अपने बच्चे को बेच रही थी मजबूर मां, बोली भी लगाई.
बीमार था बच्चा
आगरा की एसएन इमरजेंसी में मंगलवार को एक महिला अपने बीमार बच्चे को इलाज कराने के लिए लाई. यहां भर्ती कराने के कुछ देर बाद वह इमरजेंसी के बाहर आ गई और बच्चे को बेचने के लिए आवाज लगाने लगी. वहां लोग जुट गए. लोगों ने जब बच्चे को बेचने का कारण पूछा तो महिला ने कहा कि वह गरीब है, उसे दौरे पडते हैं. पति शराब पीता और जुआ खेलता है. घर की माली हालत काफी खराब है. तीन साल का अपना पहला बच्चा भी जेठानी को दे दिया है. वह इसका पाल नहीं पाएगी. इसलिए मजबूरी में बेच रही है.
दोबारा कराया भर्ती
वहां मौजूद समाजसेवी ने इसकी जानकारी थान नाई की मंडी पुलिस को दी. इस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. बच्चा बेचने की जानकारी होने पर अस्पताल प्रशासन भी वहां आ गया. थोडी देर में एसएन प्रिंसिपल भी पहुंच गए. एसएन प्रिंसिपल का कहना है कि बच्चा बीमार था, इसलिए उसे दोबारा भर्ती करा दिया गया है और उसका इलाज भी शुरू कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि महिला भी बीमार है और उसका भी उपचार किया जा रहा है.

पुलिस ने दिए 11 हजार रुपये
बच्चे के इलाज न होने पर लाचार माँ की थाना सदर पुलिस ने मदद की है. थाना सदर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने 11 हजार रुपये की नकद धनराशि दी है. बीमार बच्चे के इलाज के लिए उसके पास पैसे नहीं थे जिसके कारण वह मासूम बच्चे को बेचने पर मजबूर हुई थी. पुलिस के इस प्रयास की हर ओर तारीफ हो रही है.