आगरालीक्स… आगरा में आज सुबह से निकल रही धूप के कारण सर्दी कुछ कम हुई। सर्द हवा के तेवर भी कुछ नरम रहे। साथ में देश-विदेश की अभी तक की खबरें।
अमित शाह प. बंगाल पहुंचे
प. बंगाल में एक ओर जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला चल रहा है तो दूसरी ओर भाजपा के नेता गृहमंत्री अमित शाह अपनी दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंच गए हैं। यात्रा की शुरुआत में आज सुबह वह रामकृष्ण आश्रम गए और उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद और शारदा देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। प. बंगाल में चार माह बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के सिलसिले में शाह की यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गृहमंत्री इस दौरान एक रैली को भी संबोधित करेंगे।
दलितों को दे सरकारी ठेकों को आरक्षण
कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों के विकास के लिए चार सूत्रीय पहल का आह्वान किया है। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल ने यह सूचना देते हुए बताया कि कांग्रेस, दलित, पिछड़ों और वंचित समुदाय के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। श्रीमती गांधी ने जो चार सूत्रीय पहल को कहा है, उसमें दलितों को आबादी के अनुपात में सरकारी ठेकों में आरक्षण भी शामिल हो। इसके साथ ही दलितों के लिए सरकारी विभागों में आरक्षित पदों पर भर्ती करने को कहा है।
कोरोना संक्रमित एक करोड़ पार
पिछले 24 घंटों में 25,152 नये कोरोना संक्रमित सामने आने के बाद देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ के पार हो गई है। अमेरिका के बाद भारत में सर्वाधिक कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसी अवधि में 347 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में फिलहाल 3,08,751 एक्टिव केस हैं।
अमेरिका में मॉडर्ना वैक्सीन को मंजूरी
अमेरिका ने आपातकालीन उपयोग के लिए मॉडर्ना को कोरोना वैक्सीन की मंजूरी दे दी है। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में मॉडर्ना की 60 लाख वैक्सीन जल्द ही उपलब्ध कराई जाएँगी। एक्सपर्ट पैनल की मंजूरी के बाद अमेरिकी फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने भी इस टीके को मंजूरी देने के बाद कहा कि अब कोरोना से लड़ाई की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है।