आगरालीक्स….पढाई आनलाइन, परीक्षाएं आफलाइन…टेंशन में स्टूडेंट्स. कैसे होंगे बोर्ड एग्जाम्स?
हो गया तय-परीक्षाएं होंगी
नए साल के आगाज के साथ बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छाया कुहासा छट गया है. यह तय हो गया है कि बोर्ड परीक्षाएं होंगी. यह अलग बात है कि इस बार कोविड 19 के प्रकोप के चलते परीक्षाओं का समय कुछ आगे बढ़ गया है. सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है जबकि यूपी बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं की तिथियां भी जल्दी ही घोषित होने वाली है. बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा के साथ परीक्षार्थियों में बेचैनी बढ़ गयी है क्योंकि इस बार विद्यालयों में पढ़ाई नहीं हुई है जबकि आॅनलाइन पढ़ाई के नाम पर मात्र खानापूरी ही हो सकी है.
सीबीएसई ने घोषित की एग्जाम डेट
सीबीएसई बोर्ड ने सबसे पहले दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा की है. सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 4 मई से दस जून के बीच करायी जायेंगी. परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है. बोर्ड ने यह स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं आॅनलाइन नहीं होंगी. परीक्षाएं पेपर और पेन पर आधारित होंगी. शहर में बड़ी संख्या में सीबीएसई बोर्ड से संचालित स्कूल हैं और इनमें से अधिकांश कोविड के प्रकोप के कारण बंद चल रहे हैं. आॅनलाइन पढाÞई हो रही है जबकि स्टूडेंट्स को परीक्षाएं पेपर-पेन से देनी होंगी. यानी परीक्षाएं आॅफलाइन होंगीं.
यूपी बोर्ड की भी जल्द होंगी तिथियां घोषित
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के बारे में कहा गया है कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं अप्रेल-मई के बीच होंगी. समझा जा रहा है कि परीक्षाएं अप्रेल के अंत में शुरू हो सकती हैं. इस बीच खबर है कि यूपी में बोर्ड की परीक्षाएं पंचायत चुनाव के बाद होंगी. जल्द ही पंचायत चुनाव की तिथियां घोषित होने वाली हंै. इसके बाद 14 जनवरी को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में परीक्षाओं की तिथियों के बारे में निर्णय लिया जायेगा.
इसी माह होंगे प्री बोर्ड एग्जाम
आईसीएसई बोर्ड का कहना है कि उसकी बोर्ड परीक्षाओं की तिथि इसी माह जनवरी में घोषित कर दी जायेंगी. संभावित तौर पर परीक्षाएं मई या जून में करायी जा सकती हैं. जनवरी और फरवरी में प्री बोर्ड परीक्षाएं करायी जायेंगी. शहर में तीनों बोर्ड के स्कूल संचालित हैं. सर्वाधिक स्कूल यूपी और सीबीएसई बोर्ड से सम्बद्ध हैं. आईसीएसई बोर्ड के स्कूल अपेक्षाकृत बहुत कम हैं. तीनों बोर्ड से सम्बद्ध स्कूल कोविड महामारी के कारण प्राय: बंद चल रहे हैं. बोर्ड परीक्षाओं की सुगबुगाहट होने से परीक्षार्थियों ने अब गंभीरता से पढ़ाई का सिलसिला शुरू किया है.