आगरालीक्स… आगरा में बर्ड फ्लू के खतरे की आशंका को देखते हुए पशुपालन विभाग की टीमें अलर्ट है। गुरुवार सुबह पालीवाल पार्क में एक ईगल (चील-बाज) की संदिग्ध हालात में मरने से खलबली मच गई। सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मृत बाज को कब्जे में ले लिया। जिले में रेपिड रेस्पांस टीम का गठन कर दिया है। जिले में 15 टीमें इस कार्य में लगाई गई हैं।
मांझे से गरदन कटना पाया
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वासुदेव सिंह तोमर ने आगरालीक्स बताया कि सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। ईगल के मरने कारण प्रारंभिक जांच में मांझे से उसकी गर्दन कटने से मरना पाया गया है, फिर भी उसे कब्जे में लेकर उसके सभी प्रकार के नमूने लेने के बाद जांच के लिए भेजा जा रहा है। टीमों के साथ सीवीओ स्वयं जिले में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने के साथ हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
ब्लॉक स्तर पर 15 टीमों का गठन
उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू (एवियन इन्फूलान्जा) की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आगरा में रेपिड रेस्पांस की 15 टीमों का गठन किया गया है, जो जिले के प्रत्येक ब्लॉक में तैनात की गई हैं और किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर फौरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लोगों को भी किया जागरूक
पशु चिकित्सा डा. विकास यादव ने बताया कि बर्ड फ्लू (एवियन इन्फूलान्जा) के बारे में लोगो को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को डरने की जरूरत नही बल्कि इसे लेकर सजग रहने और किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों को सूचित करने की जरूरत है।
