नईदिल्लीलीक्स… बुलंदशहर में जहरीली शऱाब से चार लोगों की मौत। ब्रिटेन से आज फ्लाइट आएगी। देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिल में जहरीली शऱाब पीने से चार लोगों की मौत हो गई है। घटना थाना सिकंदाबाद कोतवाली के गांव जीनगढ़ी की है। इस मामले में थाना प्रभारी की लापरवाही मानते हुए थाना प्रभारी, हलका इंचार्ज और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
सोलह लोग बीमार
साथ ही तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। ग्रामीणों का आऱोप है कि शऱाब माफिया और आबकारी विभाग की सांठगांठ से जहरीली शराब बेची जा रही थी। जहरीली शराब पीने से 16 लोग बीमार भी हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृत्यु का कारण पता लगाने के लिए शवों का पोस्टमार्मट कराया जा रहा है।
ट्रंप समर्थकों के हमले में जख्मी पुलिस अधिकारी की मौत
अमेरिका के केपिटल भवन में बुधवार को राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थकों के हमले में घायल पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। इस घटना में एक महिला समेत पांच लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। बता दें कि कल ट्रंप के समर्थकों ने केपिटल हिल पर उस समय हमला कर दिया था जब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की जीत की पुष्टि के लिए अमेरिकी कांग्रेस का सत्र चल रहा था। मृत पुलिस अधिकारी का नाम ब्रायन डी स्टिनिक है।
ब्रिटेन से आज आएगी फ्लाइट
ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन के बाद से वहां से आने और जाने वाली उड़ानों पर लगी रोक समाप्त कर दी गई है। आज ब्रिटेन से एयर इंडिया का विमान 246 यात्रियों को लेकर भारत आ रहा है। बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन मिलने के बाद दोनों देशों के बीच उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। सरकार ने 23 दिसंबर को घोषणा की थी कि दोनों देशों के बीच 31 दिसंबर तक विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बाद में इसे सात जनवरी तक बढ़ा दिया गया था।
10,139 नये संक्रमित, 234 की मौत
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि जारी है। बीते 24 घंटों में 18,139 नये संक्रमित केस सामने आए हैं, जबकि इसी अवधि में 234 मरीजों की मौत हो गई है। राहत की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी रेट बेहतर होता जा रहा है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,04,13,417 हो गई है, जबकि अब तक इस जानलेवा बीमारी ने डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों की जान ली है।