आगरालीक्स…भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को नया इतिहास रच दिया। बीएसई के सेंसेक्स ने पहली बार 50 हजार का आंकड़ा पार किया है। आज जब शेयर बाजार खुला तो सेंसेक्स 50,096.57 पर और निफ्टी 14,730 पर खुला। इसे अमेरिका में बाइडेन के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने से दुनिया भर में होने वाले परिवर्तन का असर माना जा रहा है।
आज कारोबार की शुरुआत में निफ्टी में 1034 शेयरों में तेजी और 267 में गिरावट आई। बढ़ने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, यूपीएल, इंडस्ट इंड बैंक प्रमुख रहे। निफ्टी ऑटो एनर्जी सूचकांक में एक फीसदी की बढ़त हुई। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 110 अंकों की तेजी के साथ 49,508.79 पर खुला और सुबह 10 बजे के आसपास 209 अंकों की उछाल के साथ 49,607.15 पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 17 अंकों की तेजी के साथ 14,538.30 पर खुला और थोड़ी ही देर में 14,592.40 पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 393.83 अंकों की तेजी के साथ 49,792.12 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 123 अँकों की तेजी के साथ 14,644.70 पर बंद हुआ।
रिलायंस-फ्यूचर डील को सेबी की मंजूरी से उछले दोनों के शेयर
पूंजी बाजार नियामक (सेबी) ने फ्यूचर ग्रुप को रिलायंस में रिटेल एसेट बेचने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस खबर के आने के बाद आज रिलायंस और फ्यूचर रिटेल के शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई। फ्यूचर रिटेल में पांच फीसदी का अपर सर्किट लग गया है और रिलायंस इंडस्ट्री के शेयर तीन फीसदी बढ़कर 2110.15 रुपये पहुंच गए हैं। फ्यूचर रिटेल के शेयर भी चार फीसदी चढ़कर 81.35 रुपये पर पहुंच गए हैं।