आगरालीक्स… कारोबारियों को आम बजट 2021-22 से काफी उम्मीदें है। ऑटो सेक्टर में मदद की जरूरत बताई गई है।
ऑटो सेक्टर को अभी मदद की जरूरतः अंशुल

आत्माराम ऑटो महिन्द्र शोरूम के संचालक युवा कारोबारी अंशुल अग्रवाल का कहना है कि केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने उद्यमों को मदद देने के काफी प्रयास किए हैं लेकिन फिर भी ऑटो सेक्टर को वित्तमंत्री से खासी उम्मीदें हैं, जिससे बिजनेसमैन को आसानी हो सके। बजट में ई-व्हीकल्स के लिए स्पेशल सहायता दी जाए तो डबल ग्रोथ हो सकती है। कारोबार पर इसका खासा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से प्रभावित हुआ कारोबार अभी पूरी तरह से पुराने ढर्रे पर अभी नहीं लौट सका है, हालांकि इसमें एक-दो माह में कुछ सुधार जरूर हुआ है, इसलिए बजट में ऐसे उद्योगों के लिए मदद के कदम उठाए जाने चाहिए।
जीएसटी को भी कम किया जाए
कारोबारी श्री अग्रवाल का कहना है कि अभी कई चीजों पर जीएसटी बहुत ज्यादा है, खासकर वाहनों पर जीएसटी को लेकर सरकार को सोचना चाहिए और इसमें कमी किए जाने की जरूरत है। उन्होंने बैंकिंग सेक्टर में कारोबारियों की सुहूलियतों का जिक्र किया साथ ही में उन्होंने बैंक क्लियरेंस में और सुधार की जरूरत जताई। चेक क्लीयरेंस दो दिन की जगह एक दिन में किए जाने पर जोर दिया गया।
सरकार राहत पैकेज दो बाजार में आएगा बूमः परम
एमजी रोड स्थित कक्कड़ ज्वैलर्स के संचालक परम कक्कड़ का कहना है कि केंद्र सरकार का यह बजट आम जनता की उम्मीदों का होना चाहिए, जिससे बाजार में बूम आ सके। कोरोना महामारी के कारण एक साल से हर व्यवसाय पर असर पड़ा है। इसे देखते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे सभी व्यवसायों को लाभ मिल सके। विशेष सेक्टरों के लिए विशेष पैकेज दिए जाएं तो बाजार का ग्रोथ बढ़ेगा और इससे लोगों को राहत मिल सकेगी।