आगरालीक्स…आगरा की सड़कें बदहाल. कहीं डल रही पाइपलाइन तो कहीं हो रहे स्मार्ट सिटी के काम…पब्लिक परेशान—लग रहा जाम ही जाम
शहर की अधिकतर सड़कों पर चल रहा काम
आगरा की सड़कें इस समय बुरे हाल में हैं. शहर के अधिकतर मार्गों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं. कहीं पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया है तो कहीं स्मार्ट सिटी के काम चल रहे हैं. कई मार्ग तो ऐसे हैं जहां निर्माण कार्यों के चलते रोड ही बंद कर दिया गया है. इसके कारण सबसे अधिक परेशानी आगरा की जनता को हो रही है. जहां जाओ सड़क खुदी पड़ी है. इसके कारण जाम लग रहा है. धूल—मिट्टी उड़ रही है.

ऊपर का चित्र पुरानी मंडी रोड का है. पुरानी मंडी रोड पर अभी कुछ ही दिन पहले पाइपलाइन डालने का काम पूरा किया गया है. इसके कारण रोड कई महीनों से बंद था. अब जब खुल गया है तो सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां जाम लगा रहता है.

जीवनी मंडी पुलिस चौकी से आंबेडकर पुल तक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पानी की पाइप लाइन बिछाई जानी है. इसके लिए रोड की एक लेन में कार्य होगा. सड़क पर बड़े पाइप रखे गए हैं. इसके कारण यहां जाम की स्थिति पैदा हो गई है. गौरतलब है कि जीवनी मंडी से आंबेडकर पुल की ओर जाने वाले वाहन दाहिनी लेन से होकर गुजारे जाएंगे. हाथीघाट से वाटरवर्क्स की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को सीओ छत्ता कार्यालय के सामने से बेलनगंज तिकोनिया होकर जीवनी मंडी पुलिस चौकी तक पहुंचाया जाएगा. इस रूट पर केवल बाइक, टेंपो और कार ही जा सकेंगे, लेकिन यहां पर इन वाहनों को भी जाम का सामना करना पड़ रहा है.

बोदला—लोहामंडी रोड की हालत इस समय बहुत खराब है. यहां पर पाइपलाइन डालने का काम किया गया था लेकिन अभी रोड की मरम्मत नहीं की जा सकी है. इसके कारण चौराहा पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है. हाल ये है कि दोपहर के समय तो जाम विकट हो जाता है और लोगों को यहां से निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

आईएसबीटी पर इस समय फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके कारण छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहन तक सभी सर्विस लेन से होकर गुजर रहे हैं. यहां के दोनों सर्विस लेन पर हमेशा जाम लगा रहता है.

दयालबाग में पाइपलाइन डाली पर महीनों से सड़क बदहाल
ये चित्र दयालबाग के सौ फुटा का है. यहां पर सितंबर माह में सड़क धंस गई थी. गंगाजल पाइपलाइन भी लीकेज हो गई थी जिसके कारण यहां कई महीनों तक सड़क को भरा गया और पाइपलाइन को ठीक किया गया लेकिन मरम्मत को भी दो से तीन महीने हो गए हैं लेकिन सड़क अभी भी बदहाल स्थिति में है. यहां हर समय धूल उड़ती रहती है.