नईदिल्लीलीक्स… पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान को दो दिन बचे हैं। यहां कल चुनाव प्रचार का शोरगुल थम जाएगा। इस बीच भाजपा, कांग्रेस समेत सभी दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
सबसे ज्यादा अहम समझे जा रहे पश्चिम बंगाल में आज फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा की और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखे प्रहार किए। कांथी में हुई पीएम मोदी की सभा में शिशिर अधिकारी भी मौजूद थे। इश मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल का बच्चा-बच्चा ममता दीदी का खेल समझ गया है। इसलिए बंगाल से दो मई और दीदी गईं क्योंकि तृणमूल सरकार के पाप का घड़ा भर गया है।
मिथुन कल से करेंगे प्रचार
पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार अभियान में सिने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती कल से उतरेंगे। वह जंगलमहल से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। कल (25मार्च) को मिथुन जंगलमहल के बांकुडा समेत चार स्थानों पर ताबड़तोड़ रोड शो करके वोट देने के लिए जनता का आह्वान करेंगे।
असम में भाजपा खामोश, कांग्रेस आक्रामक
असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 47 सीटों के लिए 27 मार्च को मतदान होगा। पहले चरण के जनादेश से राज्य की सत्ता का भविष्य तय होना है। इन्ही सीटों से विजय हासिल करके ही 2016 के चुनाव में भाजपा सत्ता हासिल करने में सफल हुई थी। इन सीटों पर सीएए मुख्य चुनावी मुद्दा है, जिस पर भाजपा खामोश है लेकिन कांग्रेस ने गारंटी दी है कि सत्ता में आने पर सीएए लागू नहीं करेंगे।
केरल में मेट्रोमैन से भाजपा की आस
केरल में अभी भाजपा का एक ही विधायक है लेकिन 88 वर्षीय मेट्रोमैन ई. श्रीधरन का दावा है कि अभी बेशक भाजपा का एक ही विधायक है लेकिन छह अप्रैल को मतदान के बाद राज्य में एनडीए की सरकार बनना तय है।