नईदिल्लीलीक्स… ( 3 april ) । देश में कोरोना के हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में 89,129 नए संक्रमित केस दर्ज हुए है, जबकि 714 लोगों की इस दौरान मौत हो गई है। इसके साथ ही देश में टीकाकरण अभियान भी तेज हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 89,129 नए संक्रमित केस दर्ज हुए हैं, जो पिछले सात माह में सर्वाधिक हैं। अब तक देश में 1,23,92,260 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,64,110 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में इस समय 6,58,909 मरीज उपचार करा रहे हैं। करीब 1,15,69,241 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
11 राज्यों में हालत ज्यादा खराब
महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, और दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर केंद्र सरकार ने चिंता जाहिर की है।
रोकथाम के उपायों में तेजी न आने पर चिंता
केबिनेट सचिव राजीव गॉबा ने गत दिवस कोरोना के बिगड़ते हालात पर बैठक की। बैठक में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की गई है। गॉबा ने कहा कि इन राज्यों में कोरोना की स्थिति बिगड़ी है लेकिन इसके रोकथाम की गतिविधि में तेजी नहीं आई है।
राज्यों को कड़े कदम उठाने के निर्देश
उन्होंने इन राज्यों के मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों और स्वास्थ्य सचिवों से अपने-अपने राज्यों में कड़े कदम उठाने को कहा है।