आगरालीक्स….(6 June 2021 Agra) आगरा में यमुना में उतराते मिले दो बच्चों के शव. शनिवार दोपहर से गायब थे तीन बच्चे. अब तीसरे की यमुना में तलाश. परिजनों में कोहराम…
शनिवार दोपहर से गए थे घर से
शनिवार शाम को आगरा के रुनकता घाट पर शनिवार शाम को तीन किशोर यमुना में डूब गए. सूचना पर पुलिस रात से ही बच्चों की तलाश कर रही थी लेकिन रविवार सुबह दो बच्चों के शव तैरते हुए मिले. इससे वहां मौजूद बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया. तीसरे बच्चे की तलाश अभी भी जारी है. पुलिस गोताखोरों की मदद से तीसरे बच्चे की तलाश कर रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रुनकता के झोपड़ी मोहल्ला निवासी पंकज (14), खटीक मोहल्ला निवासी बंटी (15), और दीपक (15) शनिवार दोपहर को घर से कहीं गए थे. जब शाम तक तीनों वापस नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश की. काफी देर तक जब तीनों का कुछ पता नहीं चला तो उनहोंने इसकी सूचना थाना सिकंदरा पुलिस को दी. इस पर पुलिस ने उनकी तलाश की तो उनका कुछ पता नहीं चला.
रविवार को इनमें से दो किशोर बंटी और पंकज के शव यमुना में उतराते हुए पुलिस को मिले. इस पर पुलिस ने तीसरे किशोर की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया है. समाचार लिखे जाने तक उसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है. इधर दोनों बच्चों के शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस के अनुसार तीनों बच्चे दोपहर में यमुना नदी में नहाने के लिए गए, जहां पैर फिसलने पर वह यमुना में डूब गए.