अलीगढ़लीक्स…(22 June 2021 Kasganj) शादी को राजी नहीं थे परिवारवाले, प्रेमी—प्रेमिका ने उठाया जानलेवा कदम…
शादी के लिए परिवार वाले राजी नहीं हुए तो प्रेमी—प्रेमिका ने जानलेवा कदम उठाते हुए नहर में छलांग लगा दी. लोगों ने देखा तो कुछ युवकों ने प्रेमी को तो बचा लिया लेकिन प्रेमिका का कहीं पता नहीं चल पाया है. मामला कासगंज के हजारा नहर का है. बताया जाता है कि मंगलवार सुबह यहां पर एक युवक और एक युवती पहुंचे. उन्होंने आपस में हाथ पकड़ा हुआ था. दोनों ने तेज बहाव से बह रही हजारा नहर में छलांग लगा दी. वहां मौजूद लोगों ने जब दोनों को नदी में कूदते देखा तो हल्ला मचा दिया. इस पर वहां मौजूद कुछ तैराक युवकों ने नदी में छलांग लगा दी और किसी तरह युवक को बचा लिया गया.
तैराक युवती की भी तलाश काफी देर तक करते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया है. इधर सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस भी गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश कर रही है. मामला प्रेम प्रसंग का है. युवक का नाम यामीन(19) पुत्र शगीर निवासी इस्माइलपुर रोड, बड्डूनगर बताया गया है. यामीन अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है लेकिन उसके घरवाले शादी के खिलाफ हैं. इस पर दोनों ने जान देने का फैसला किया. फिलहाल युवती की तलाश जारी है.