आगरालीक्स…(20 July 2021 Agra News) आगरा की एक 15 साल की लड़की की ग्वालियर में की जा रही थी शादी. बच्ची की दादी ने इस तरह रुकवाई नाबालिग नातिन की शादी
आगरा में एक 15 साल की किशोरी की शादी ग्वालियर में कराई जा रही थी. आर्थिक तंगी के कारण ये शादी की जा रही थी लेकिन किशोरी की दादी ने शादी से पहले ही प्रशासन से मदद मांगकर शादी रुकवा दी. मामला फतेहपुर सीकरी की रहने वाली एक किशोरी से जुड़ा हुआ है. चाइल्ड लाइन समन्वयक ऋतु वर्मा ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि किशोरी का परिवार राजस्थान का रहने वाला है लेकिन पिछले पांच साल से किशोरी की फैमिली आगरा रह रही थी. दो साल पहले किशोरी के पिता की मृत्यु हो जाने के कारण उसकी मां किसी तरह घर का गुजारा कर रही थी. मां ने ही किशोरी की शादी ग्वाालियर में तय कर दी थी, जबकि वह नाबालिग थी.
उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी राजस्थान में रहने वाली किशोरी की दादी को हुई तो उन्होंने वहां के प्रशासन से मदद मांगी, इस पर आगरा चाइल्ड लाइन के पास इसकी जानकारी आई. लेकिन शादी से पहले ही टीम वहां पहुंच गई और उन्होंने शादी रुकवा दी. कागजों में किशोरी की उम्र 15 साल बताई गई है. चाइल्ड लाइन ने किशोरी के परिजनों को बाल विवाह की कानूनन अपराध होने की जानकारी दी.