आगरालीक्स(25 July 2021 Agra News)। आगरा में जैन संतों का चातुर्मास शुरू हो गया है। बल्केश्वर के गंगेगौरी बाग में जैन मुनि ने कहा कि जहां संतों का चातुर्मास होता है, वहां समाज में ज्ञान और धर्म की वृद्धि होती है।
मंगल कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ पर्व
आचार्य श्री 108 अभिनंदन सागर जी महाराज के शिष्य आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर गंगेगौरी बाग बल्केश्वर परिसर में चातुर्मास रविवार से शुरू हुआ। मंगल कलश स्थापना के साथ इसका शुभारंभ हुआ। शुभारंभ आचार्य श्री 108 अभिनंदन सागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप जलाकर भक्तों ने किया। चित्र अनावरण रूपेश जैन चांदीवाले, राजीव जैन ने किया। ध्वजारोहण संजय जैन और आरसी जैन ने किया। आचार्य श्री संघ को शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य बल्केश्वर जैन मंदिर के भक्तों को मिला। पंडित रवीन्द्र जैन शास्त्री के दिशा निर्देश में धार्मिक क्रियाओं के साथ मंगल कलश स्थापना की गई।
धर्मसभा को किया संबोधित
आचार्य आदित्य सागर जी महाराज ने धर्म सभा में कहा कि चातुर्मास काल एक स्थान पर रहकर धर्म की आराधना और तप करने का समय रहता है। धर्म हमारे आचरण में होना चाहिए। जहां संतों का चातुर्मास होता है, वहां समाज में ज्ञान और धर्म की वृद्धि होती है। संतों का सानिध्य जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाता है। मंच संचालन अंकेश जैन ने किया। चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समापन के बाद आचार्य श्री की भक्तों ने मंगल आरती की।

हर दिन सुबह होंगे प्रवचन
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ रूपाली जैन और मोनिका जैन के मंगलाचरण के साथ हुआ। बल्केश्वर गंगेगौरी बाग चातुर्मास समिति ने बाहर से पधारे भक्तों का स्वागत किया। समिति ने आचार्य श्री को श्रीफल चढ़ाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मीडिया प्रभारी अंकेश जैन के मुताबिक, आचार्यश्री के मंगल प्रवचन हर दिन सुबह 8:30 से श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर बलकेश्वर गंगेगौरी बाग में होंगे।
यह रहे मौजूद
सचिन जैन, प्रवीन जैन राजकोट, राहुल जैन, राजीव जैन, अरूण जैन छोटू, नरेंद्र जैन, राहुल जैन, मनोज जैन, राजेन्द्र जैन, राजू जैन, संजीव जैन, नीरज जैन, रजनीश जैन, अंशुल जैन, विनोद जैन मौजूद रहे।