आगरालीक्स…(31 July 2021 Agra News) आगरा में पिता—पुत्र की मौत. तीन माह बाद आनी थी बेटी की बारात. घर में चल रही थी शादी की तैयारियां, अब सिर्फ मातम
राजपुर चुंगी की घटना
आगरा के राजपुर चुंगी स्थित दुर्गा नगर में बीती रात बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. बारिश के दौरान बिजली के खंभे में आ रहे करंट की चपेट में पहले पिता और फिर बाद में उन्हें बचाने के लिए आए बेटे की मौत हो गई. करंट की चपेट में मां और बेटी भी आ गए थे जो कि गंभीर रूप से घायल हैं. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पिता-पुत्र की मौत के लिए परिजनों ने टोरंट पावर को जिम्मेदार बताया है. उनहोंने मुूआवजे की मांग की है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराया है.
घर के बाहर लगा है विद्युत खंभा
राजपुर चुंगी के दुर्गा नगर में रहने वाले टेंपो चालक मोहर सिंह के घर के बाहर विद्युत खंभा लगा हुआ है. मोहर सिंह टेंपो से पानी की सप्लाई करते हैं. बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब दस बजे वो अपना टेंपो लेकर आए और उन्होंने खंभे के सहारे लगा दिया. बताया जाता है कि यहां लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे में तार कटा हुआ था. जैसे ही मोहर सिंह टेंपो से उतरे वे करंट की चपेट में आ गए. उनकी चीख सुनकर सबसे पहले 20 साल का बेटा भूपेंद्र घर से बाहर निकला और पिता को खंभे से चिपका देखा तो वो उन्हें बचाने के चक्कर में वो भी करंट की चपेट में आ गया.
पत्नी और बेटी को भी लगा करंट
पिता—पुत्र की चीख सुनकर मोहर सिंह की पत्नी और बेटी कविशा भी आ गई. उन्होंने भी बचाने का प्रयास किया लेकिन वो भी करंट की चपेट में आ गई लेकिन तब तक मोहल्ले के लोग भी आ चुके थे. उन्होंने किसी तरह डंडे से तार को हटाकर चारों को अलग किया. सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस भी मौके पर आ गई. लेकिन तब तक मोहर सिंह और उनके बेटे भूपेंद्र की मौत हो चुकी थी, वहीं करंट से मोहर सिंह की पत्नी की उंगलियां बुरी तरह से झुलस गई.
बेटी की शादी की चल रही थी तैयारी
बताया जाता है कि मोहर सिंह ने दो माह पहले ही अपनी बेटी के लिए रिश्ता देखा था. गोद भराई की रस्म हो चुकी थी और तीन माह बाद बारात आनी थी. घर में शादी को लेकर अभी से तैयारियां चल रही थीं. लेकिन पिता पुत्र की मौत् के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है. मां बेटी का रो रोकर बुराहाल है. एक झटके में सारी खुशियां उजड़ गईं. लोगों ने इसका जिम्मेदार टोरंट पावर को माना है और उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.