आगरालीक्स(25th September 2021 Agra News)…यूपीएससी में तीसरी रैंक के बाद आगरा की बहू को मिल रहीं बधाइयां. ये बताया सफलता का मंत्र.
आगरा के 25 डिफेंस एस्टेट निवासी डॉ. सविता त्यागी और डॉ. राकेश त्यागी की पुत्रवधु अंकिता जैन की यूपीएससी 2020 में तीसरी रैंक आई है। अंकिता पिछले साल आडिट एंड एकाउंट सर्विसेज में सलेक्ट हुईं थीं। उन्होंने दिल्ली टेक्नीकल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है।
बधाई देने वालों का लगा तांता
रिजल्ट घोषित होने के बाद से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके घर पर आज सुबह से ही काफी लोग पहुंचे। उन्होंने अंकिता की सास डॉ. सविता त्यागी और ससुर डॉ. राकेश त्यागी को बधाई दी। इनमें स्टेट बैंक अधिकारी पंकज शर्मा, अशोक चौबे डीजीसी, दयाशंकर शर्मा वास्तुविद, देवेंद्र नाथ दुबे समाजसेवी भी थे। इधर मुंबई में भी लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।

छोटी बहन के भेजे नोट्स से की पढ़ाई
अंकिता ने बताया कि यूपीएससी की परीक्षा में सफलता का श्रेय उनकी छोटी बहन वैशाली जैन को भी जाता है। उसने नोट्स बनाए और उन्हें भेजे। इसके बाद ही उन्होंने पढ़ाई की। उन्होंने बताया कि छोटी बहन की मदद के बिना यह संभव नहीं था।
नहीं हुआ विश्वास
अंकिता ने बताया कि जब रिजल्ट घोषित हुआ तो अपनी तीसरी रैंक देखकर उन्हें एक बार विश्वास नहीं हुआ। उन्हें लगा कि रिजल्ट गलत है। तब उन्होंंने अपनी बहन को बोला। इसके बाद जब उसका फोन आया तो उन्हें विश्वास हुआ।
छोटी बहन ने भी पाई 21वीं रैंक
अंकिता ने बताया कि उनकी छोटी बहन वैशाली भी इस एग्जाम की तैयारी कर रही थीं। वह अपने लिए भी नोट्स बनाती थीं। वही उन्हें भी भेज देती थीं। वैशाली जैन ने इस परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल की है।
ये दिया सफलता का मंत्र
अंकिता ने बताया कि किसी भी परीक्षा को पास करने के लिए एकाग्रता काफी जरूरी है। जो भी अभ्यर्थी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं वे अपनी कमियों को पहचानें। इसके बाद उन्हें दूर करें। इससे सफलता की राह आसान हो जाएगी।
बेटा आईपीएस और पुत्रवधु आईएएस
डॉक्टर दंपती डॉ. राकेश त्यागी और डॉ. सविता त्यागी का ग्वालियर रोड पर ईश्वर नर्सिंग होम है। उनके बेटे अभिनव त्यागी महाराष्ट्र काडर के आईपीएस हैं। पुत्रवधु अंकिता जैन आईएएस बन जाएंगी। वर्तमान में अंकिता जैन मुंबई में आडिट एंड एकाउंट सर्विसेज में पोस्टेंड हैं और अभिनव त्यागी एएसपी हैं।
दो महीने पहले हुई शादी
आगरा के रहने वाले आईपीएस अभिनव त्यागी की दो महीने पहले कोरोना की दूसरी लहर में अंकिता से शादी हुई थी। अंकिता जैन शास्त्रीनगर दिल्ली की रहने वाली हैं, उनकी बहन वैशाली जैन बीआरओ में कार्यरत हैं, उनकी यूपीएससी में 21 वीं रैंक आई है। उनका एक भाई है।