अलीगढ़लीक्स…पिचकारी से खेल रही छह साल की बच्ची को बच्चों के विवाद में मां ने हाथ-पैर बांधकर सैनिटाइजर डालकर जिंदा जलाया।

गांव मोहम्मदपुर बढ़ैरा की घटना
घटना अतरौली के गांव मोहम्मदपुर बढ़ैरा की है। गांव के भानुप्रताप खेतीबाड़ी करते हैं। पत्नी आशा देवी, दो बेटी व एक बेटा है। ग्रामीणों के मुताबिक गत दिवस भानु की छह वर्षीय बेटी नंदनी घर के बाहर पिचकारी लेकर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थी।
रोते हुए बच्ची घर आने पर बांधे हाथ-पैर
खेल-खेल में बच्चों में विवाद हो गया। इसके बाद नंदिनी रोते हुई घर आई। आशा ने उसे डांटा और खेलने पर आपत्ति जताई। कहा कि बच्चे विवाद करते हैं। महिलाएं गाली-गलौज करती हैं। वहां क्यों जाती हो? इसके बाद साड़ी से बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए और उससे पूछताछ करने लगी।
बच्ची पर सैनिटाइजर उड़ेल लगाई आग
इसी दौरान महिला अपना आपा खो बैठी। उसने रसोई में रखा सैनिटाइजर बच्ची पर उड़ेल दिया और आग लगा दी। अचानक आग की लपटें तेज उठने लगीं तो शोर सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई। आग में आशा के भी दोनों हाथ झुलस गए।
बच्ची के शव को भी जला दिया, गिरफ्तार
बाद में बच्ची का गुपचुप तरीके से जलाकर अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने पर पुलिस ने महिला आशा को गिरफ्तार कर लिया है। चिता की राख से कुछ साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं।