आगरालीक्स.. आगरा में 12 साल के बच्चे में कोरोना वायरस का घातक दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन, कमला नगर की महिला में भी यह स्ट्रेन मिला है, एक कारोबारी में न्यू म्यूटेड स्ट्रेन।
आगरा से कोरोना पॉजिटिव सात मरीजों के सैंपल केजीएमयू, लखनउ जांच के लिए भेजे गए। इसमें से चार की रिपोर्ट आ गई है। इन चार में से तीन में दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन और एक में न्यू म्यूटेड स्ट्रेन मिला है।
12 साल के बच्चे, युवती और बैंककर्मी में मिला दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन
आगरा के बोदला निवासी 12 साल के बच्चे में दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन मिला है, बच्चे की तबीयत खराब होने पर जांच कराई गई थी। कमला नगर की रहने वाली 26 साल की युवती जनवरी में दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी, युवती में दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन मिला है। जबकि 55 साल के बोदला निवासी बैंककर्मी की तबीयत खराब होने पर इलाज कराया गया, कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इनमें भी दक्षिण अफ्रीकी स्ट्रेन मिला है।
दुबई से लौटे युवक में न्यू म्यूटेड स्ट्रेन
ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला युवक दुबई गया था, वहां से लौटा, मार्च में उसने कोरोना की जांच कराई। युवक में कोरोना वायरस का न्यू म्यूटेड स्ट्रेन मिला है।
तेजी से फैल सकता है कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन
कोरोना वायरस का दक्षिण अफ्रीकी और न्यू म्यूटेड स्ट्रेन तेजी से फैलता है, इससे आगरा में तेजी से कोरोना के नए केस बढ सकते हैं। हालांकि इन नए स्ट्रेन के लक्षण और इलाज पुराना है, इस पर वैक्सीन भी असरदार है।