आगरालीक्स… आगरा में पुलिस पर हमला बोल दीवानी से फरार इंटर रेंज गैंग का सरगना कुख्यात विनय श्रोत्रिय को मुठभेड़ में पुलिस ने मार गिराया। लूट के बाद दरोगा को भी मारी थी गोली।

एसटीएफ ने मंगलवार रात में मुठभेड़ में 50 हजार के ईनामी गैंगस्टर विनय श्रोत्रिया को मार गिराया। फिरोजाबाद के थाना लाइनपार के गांव रुपसपुर का रहने वाला विनय श्रोत्रिय उर्फ विनय शर्मा दिसंबर 2018 से जिला जेल में बंद था। पुलिस उसे 13 जुलाई 2022 काे जिला जेल से आगरा के दीवानी में पेशी पर लाई थी, दीवानी में पुलिसकर्मी अनुज प्रताप पर हमला बोलकर विनय श्रोत्रिय को उसके साथी छुड़ा ले गए थे। विनय श्रोत्रिय ने दीवानी परिसर से फरार होने की साजिश जेल में रहकर रची थी। जिसके लिए उसने फेसबुक मैसेंजर पर मैेसेज भेजकर एवं वीडियाे काल पर साथियों से बात की थी। कुख्यात ने पेशी पर दीवानी आने से पहले 13 जुलाई 2022 को जेल के पीसीओ से साथी सोनू के मोबाइल पर फाेन किया था।
2013 से अपराध की दुनिया में आया
विनय श्रोत्रिय पर पहला मुकदमा 2013 में पचोखरा थाने में दर्ज हुआ था, इसके बाद से उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए। 2018 में विनय श्रोत्रिय के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। 2016 में विनय श्रोत्रिय ने फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र में लूट के बाद दरोगा राजवीर को गोली मारकर घायल कर दिया था।