आगरालीक्स …..आगरा में कॉलोनियों से लेकर गली मोहल्लों में घूम रहे कुत्तों की जनसंख्या पर रोक के लिए अभियान शुरू, 60 हजार कुत्तों की होगी नसबंदी, ये है प्रक्रिया और इतना होगा खर्चा।
जिले में कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। कुत्ते प्रजनन के समय पर खूंखार हो जाते हैं और लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे आए दिन लोगों को कुत्ते काट रहे हैं, कुत्तों के काटने पर जिला अस्पताल में एआरवी लगवाने वालों की संख्या बहुत बढ़ गई है। हर रोज 300 से अधिक लोग एआरवी लगवाने के लिए जिला अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

इस तरह की जाएगी नसबंदी
नगर निगम ने तीन कंपनियों से अनुबंध किया है, ये कंपनी हरीपर्वत जोन, छत्ता जोन और ताजगंज जोन में कुत्तों को कॉलोनियो से पकड़ेंगी। इनकी नसबंदी कराएंगी और फिर उसी जगह छोड़ देंगी, इन कुत्तों को एंटी रैबीज वैक्सीन भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही पीएफए संस्था भी नसबंदी कर रही है।
सात करोड़ का खर्चा
नगर निगम ने दो साल में सभी कुत्तों की नसबंदी कराने का लक्ष्य रखा है। इस तरह 2024 तक 60 हजार कुत्तों की नसबंदी की जानी है, नसबंदी कराने में करीब सात करोड़ का खर्चा आएगा। एक कुत्ते की नसबंदी पर नगर निगम कंपनी को 1139 रुपये देगा।