आगरालीक्स… आगरा में डांस क्लास गई कारोबारी की बेटी लापता हो गई। 40 लाख की फिरौती का पत्र घर पर मिलने पर पुलिस की टीमें जांच में जुट गईं। ढ़ाई घंटे बाद छात्रा सकुशल लौट आई, पुलिस सीसीटीवी से गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
आगरा के प्रतापनगर निवासी कारोबारी का पोशाक और पूजा सामग्री का काम है। उनकी बेटी कक्षा चार में पढ़ती है और शाम को डांस क्लास जाती है। कारोबारी शुक्रवार शाम को बेटी को डांस क्लास के गेट पर शाम छह बजे छोड़कर चले गए। रात आठ बजे तक बेटी के घर न पहुंचने पर वे डांस क्लास पहुंचे, डांस टीचर ने बताया कि आज उनकी बेटी आई ही नहीं है। इससे वे घबरा गए।
घर पर मिला 40 लाख की फिरौती का पत्र
कारोबारी अपने घर लौट आए, घर के बरामदे में पत्र पड़ा हुआ था। इसमें बेटी को सकुशल लेने के लिए 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी, पत्र में लिखा था कि कल सुबह 4 बजे तक मोती कटरा के पास 40 लाख रुपये लेकरा आना है। माता पिता के अलावा कोई और ना आए, पुलिस को सूचना दी तो बेटी कभी नहीं मिलेगी।
8.51 बजे घर पहुंच गई कारोबारी की बेटी
कारोबारी की बेटी के लापता होने की सूचना पर पुलिस की कई टीमें लगाई गईं, पुलिस ने सीसीटीवी चेक करना शुरू किया। इसी बीच रात 8.51 बजे कारोबारी की बेटी घर पहुंच गईं। पुलिस को परिजनों ने बताया कि बेटी को ऋषि मार्ग पर कोई कार सवार छोड़ गया था जिस जगह पर बेटी को छोड़ने की जानकारी दी गई वहां से कारोबारी का घर 500 मीटर की दूरी पर है। सीसीटीवी की जांच में कारोबारी की बेटी घर तक पैदल आते हुए दिखाई दी। पुलिस की टीमें सीसीटीवी से कारोबारी की बेटी को कौन लेकर गया था, ढ़ाई घंटे कहां रही यह खंगालने में जुटी है।