आगरालीक्स..शॉकिंग, 22 साल की बेटी ने फौजी से की कोर्ट मैरिज. नाराज पिता ने गला दबाकर कर दी हत्या. पुलिस ने पूछा तो बोला—कोई पछतावा नहीं, पानी सिर से ऊपर निकल गया था
आगरा में आनर किलिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर जैतपुर में एक पिता ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. बेटी ने कुछ महीने पहले ही एक फौजी से कोर्ट मैरिज की थी. पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो पिता अपनी बेटी की लाश के पास बैठा हुआ था. बेटी का शव फर्श पर था. पुलिस ने आरोपी पिता से वारदात की वजह पूछी तो उसने अपना जुर्म भी कबूल किया. कहा कि बेटी ने 4 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज की थी, इसलिए उसकी हत्या कर दी.अफेयर के बाद बेटी ने की कोर्ट मैरिज
घटना जैतपुर थाना क्षेत्र की है. मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले विमल शर्मा कस्बे में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं. एक दुकान पर नौकरी करते हैं. परिवार में पत्नी सीता, बेटा अंकुश और बेटी अंकिता था. रिपोर्ट के अनुसार अंकिता का दो तीन साल से अमित पचौरी नाम के युवक से प्रेम संबंध था. अमित नहटोली गांव का रहने वाला है और आईटीबीपी में तैनात है. दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन परिवार राजी नहीं था. इस पर अंकिता ने चार मीने पहले परिवार के खिलाफ जाकर फौजी अमित से कोर्ट मैरिज कर ली.
शादी के बाद अमित ड्यूटी पर लौट गया और अंकिता अपने माता पिता के साथ रहने लगी. अंकिता का परिवार इस शादी से नाराज था. पड़ोसी लोगों के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे विमल शर्मा के कमरे से चीखने की आवाजें आ रही थीं. मोहल्ले वाले इस पर जुट गए और दरवाजा खटखटाया लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया और घर की लाइट भी बंद कर ली. कुछ लोग भागते भी दिखे. अनहोनी की आशंका में कुछ लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दे दी.
बेटी की लाश के पास बैठा था पिता
सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा खुलवाया. दरवाजा विमल शर्मा ने खोला. पुलिस ने उससे चीखने चिल्लाने की आवाज के बारे में पूछा तो वह घबरा गया. इस पर पुलिस ऊपर वाले कमरे में गई तो वहां अंकिता शर्मा की लाश पड़ी थी और उसके गले में चुनरी कसी हुई थी, मुंह से खून निकल रहा था. पिता वहीं बैठा हुआ था.
नहीं कोई पछतावा
पिता विमल शर्मा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मुझे बेटी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है. मेरी नाक कटवा दी थी. कई बार उसे समझाया लेकिन वह मान नहीं रही थी. पानी सिर से ऊपर चला गया था, इसीलिए मार डाला. पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है.