आगरालीक्स…आगरा में विवाहिता का शव फंदे पर लटके मिला. पांच महीने पहले हुई थी शादी. दहेज हत्या का आरोप
आगरा के थाना मलपुरा में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला. उसकी शादी पांच महीने पहले ही हुई थी. मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पांच महीने पहले हुई थी शादी
थाना सैंया के सोंरा में रहने वाले भीकम सिंह ने अपनी बेटी 20 वर्षीय राधा की शादी नौ मई 2022 को मलपुरा के गढ़ी हरलाल रोड स्थित जेके एन्क्लेव कॉलोनी में रहने वाले सौरव पुत्र अलखराम के साथ की थी. भीकम सिंह ने बताया कि उसने शादी में चार लाख रूपये के साथ सोने और चांदी के आभूषण सहित पूरा घरेलू सामान दिया था. लेकिन इसके बावजूद पति और उसके परिजन दहेज के लिए उसकी बेटी राधा का उत्पीड़न करते थे और उसके साथ मारपीट किया करते थे.

उन्होंने बताया कि एक बार समाज के लोगों के साथ पंचायत भी हो चुकी है. काफी समझाया गया लेकिन ससुरालियों द्वारा बेटी का उत्पीड़न जारी रहा. सोमवार शाम को उन्हें बेटी के ससुराल से फोन पर सूचना मिली कि राधा की मौत् हो गई है. पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया गया है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.