आगरालीक्स…आगरा में फोनपे और बजाज फाइनेंस कर्मचारी लोन कराने के नाम पर कर रहे थे लोगों से धोखा. लोगों के खाते से कर देते थे रकम पार. ऐसे पकड़े गए..
पेटीएम केवाईसी व लोन कराने के नाम पर ठगी करने वाले पूर्व फोनपे व बजाज फाइनेंस कर्मचारी को थाना न्यू आगरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से दो अदद मोबाइल व दो सिमकार्ड भी बरामद किए हैं.
ये है मामला
मनोज कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नर को जानकारी दी थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खुद को पेटीएम का कर्मचारी बता कर केवाईसी के करने के नाम पर आवेदक का फोन लेकर पेटीएम खाते में 15 हजार रुपये निकाले गए हैं. साइबर क्राइम सेल द्वारा इसकी जांच की गई तो पाया कि उक्त ट्रांजेक्शन कोटक बैंक के खाता में क्रेडिट हुए हैं, जिसकी केवाईसी प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया.
साइबर क्राइम सेल ने इस मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट किया. पकड़े गए दोनों आरोपियों के नाम सुजीत कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी व जितेंद्र कुमार निवासी धनौली है. सुजीत फोन पे का पूर्व कर्मचारी है तो वहीं जितेन्द्र बजाज फाइनेंस का कर्मचारी है. दोनों मिलकर शॉपिंग मॉल व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को गुमराह कर पेटीएम की केवाईसी व लोन कराने के नाम पर धोखे से रिंग एप इंस्टाल करा लेते थे और फिर इसके बाद पीड़ित के बैंक खाता व वालेट से रुपये अपने बैंक खाता में ट्रांसफर कर कैश निकाल कर आपस में बांट लेते थे.