आगरालीक्स… Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर वोकेशनल कोर्स में साइबर सुरक्षा को द्वितीय सेमेस्टर में अनिवार्य किया गया है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने एक बड़ा कदम उठा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के साइबर सुरक्षा हब के साथ मिलकर, विश्वविद्यालय और उसके सभी संबद्ध कॉलेजों में 'साइबर सुरक्षा वोकेशनल कोर्स' को सभी छात्रों के लिए द्वितीय सेमेस्टर से अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा के स्तर पर ही युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव, डेटा सुरक्षा और आधुनिक साइबर तकनीकों की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है, जिसमें C3iHub मुख्य तकनीकी और शैक्षणिक सहयोगी की भूमिका निभाएगा।
500 रुपये शुल्क
यह कोर्स रोजगारपरक और व्यावसायिक प्रकृति का होगा, जिसे विश्वविद्यालय के सभी विभागों और संबद्ध कॉलेजों के द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों के लिए आवश्यक श्रेणी में रखा गया है। इस कोर्स को बेहद किफायती दरों पर उपलब्ध कराते हुए प्रत्येक छात्र के लिए इसकी कुल फीस मात्र ₹500 निर्धारित की गई है। कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी छात्रों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर द्वारा सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा, जिससे छात्र आईटी सपोर्ट, नेटवर्क एडमिनिस्ट्रेशन और डेटा सुरक्षा के क्षेत्रों में रोजगार के पात्र बन सकेंगे।