आगरालीक्स…. आगरा की राजनीति चंद चेहरों के इर्द गिर्द ही घूम रही है। बसपा सरकार में जो विधायक रहे उन्हें भाजपा ने मौका दिया है, कोई नया चेहरा नहीं है। बसपा, कांग्रेस और सपा रालोद ने कुछ नए चेहरे उतारे हैं।
आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटों पर 2017 के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी भाजपा सभी नौ विधानसभा सीटों पर मजबूत दावेदारी कर रही है और सभी नौ सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं।

बसपा के तीन पूर्व विधायकों को मौका
भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की जगह बसपा के तीन पूर्व विधायकों को मौका दिया है। बसपा से चुनाव लड़कर विधायक बने भगवान सिंह कुशवाह को खेरागढ़ से प्रत्याशी बनाया गया है, इसी तरह पिछली बार बसपा से ही चुने गए छोटे लाल वर्मा को फतेहाबाद से प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं, एत्मादपुर सीट पर बसपा से चुनाव जीत चुके डॉ. धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा ने सभी सीटों पर उतारे पुराने चेहरे
भाजपा ने उत्तर विधानसभा सीट पर वर्तमान विधायक पुरुषोत्म खंंडेलवाल, आगरा दक्षिण सीट पर विधायक योगेंद्र उपाध्यक्ष और छावनी सीट पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश को प्रत्याशी घोषित किया है। आगरा देहात सीट पर वर्तमान विधायक हेमलता दिवाकर की टिकट काट दी है, इस सीट पर पूर्व राज्यपाल व मेयर बेबीरानी मौर्या को मौका दिया गया है। जबकि फतेहपुर सीकरी सीट पर पूर्व सांसद चौधरी बाबूलाल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है।